छत्रपति संभाजीनगर: साई टेकड़ी तालाब में डूबने से 3 किशोरों की दर्दनाक मौत, तैरने गए 5 दोस्तों में से 2 बचे

Chhatrapati Sambhajinagar News: छत्रपति संभाजीनगर के देवलाई तांडा स्थित साई टेकड़ी तालाब में तैरने गए 3 किशोरों की डूबने से मौत। दलदल में फंसने से हुआ हादसा, 2 दोस्तों ने सूझबूझ से बचाई अपनी जान।
Heart-wrenching tragedy in Chhatrapati Sambhajinagar as three teenagers drown to death in Sai Tekri lake while swimming. Two others managed to escape safely.
तालाब में डूबने से मौत (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Sai Tekri Lake Swimming Accident: देवलाई तांडा स्थित साई टेकड़ी क्षेत्र के तालाब में तैरने गए 5 मित्रों में से 3 किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई। समझा जाता है कि तालाब की गहराई का अनुमान नहीं आने से यह दुर्घटना हुई। हालांकि, 2 किशोर सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचाने में सफल रहे। शनिवार, 6 जून की शाम में हुई घटना से मृतकों के निवास क्षेत्र सातारा मैं शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे में मृतकों की शिनाख्त विशाल मच्छिंद्र घुले (15), आदर्श गौतम इंगोले (15) और यश ज्ञानेश्वर बरंबाइल (16, सभी निवासी लक्ष्मी कॉलोनी, सातारा क्षेत्र) के रूप में की गई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे मृतकों के परिवारों का विलाप देखकर उपस्थितों की आंखें भी नम हो गईं। जानकारी के अनुसार, शाम के समय पांच मित्र देवलाई तांडा स्थित साई टेकड़ी तालाब में तैरने गए थे। शुरुआत में वे किनारे पर तैर रहे थे।

तदुपरांत गहराई से अनजान होकर तालाब के बीच चले गए। दलदल में फंस जाने से सभी पानी में डूबने लगे। समझा जाता है कि उनमें से दो किशोरों ने सूझबूझ दिखाई और किसी तरह किनारे तक पहुंचकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। वहीं, तीन अन्य कुछ ही क्षणों में पानी में लापता हो गए। उधर, दोनों किशोरों के शोर मचाने पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया।

पुलिस थाने ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज

इस बीच, घटना की जानकारी नगरसेवक मोहित त्रिवेदी को दी गई, जिन्होंने तत्काल छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका के दमकल विभाग से संपर्क कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया। सूचना मिलने के बाद पदमपुरा मुख्य अग्निशमन केंद्र और कांचनवाड़ी अग्निशमन दल कुछ ही समय में घटनास्थल पर पहुंच गए। यही नहीं, जवानों ने तालाब में उतरकर खोज अभियान शुरू कर दिया। मुख्य दमकल अधिकारी अशोक खांडेकर के मार्गदर्शन

में उप अग्निशमन अधिकारी वीके राठौड़, संजय कुलकर्णी, एलपी कोल्हे व अन्य जवानों ने अथक प्रयास कर तीनों किशोरों को तालाब से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उनकी जीवन ज्योति बुझ गई थी। दमकल विभाग की ओर से बाहर निकाले गए तीनों शवों को अगली कार्रवाई के लिए चिकलथाना पुलिस के हवाले कर दिया। चिकलथाना पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर हादसे के सटीक कारणों की जांच शुरू की है।

असुरक्षित तालाबों पर फिर उठे गंभीर सवाल

गर्मी व स्कूल की छुट्टियों के दौरान छत्रपति संभाजीनगर शहर व उपनगरों के तालाबों, खदानों, जलाशयों में तैरने जाने वाले युवाओं की संख्या बढ़ जाती है। अधिकांश स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से इस तरह की दुर्घटनाएं बार-बार सामने आती हैं। साई टेकड़ी तालाब पर हुई उक्त घटना के बाद नागरिकों ने ऐसे खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा उपाय व प्रतिबंधात्मक प्रबंध करने की मांग की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com