

PM Awas Yojana Chhatrapati Sambhajinagar: छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे घरों के लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए 10 प्रतिशत अनामत राशि जमा करने की समय सीमा 4 जून तक बढ़ा दी गई है । अब तक 1 हजार से अधिक लाभार्थियों ने अनामत राशि जमा कर दी है । इनमें सबसे अधिक प्रतिसाद सुंदरवाडी क्षेत्र से मिला है । यह जानकारी उपायुक्त अपर्णा थेटे ने दी ।
मनपा की ओर से हर्सूल, सुंदरवाडी, पडेगांव, तिसगांव (225/1) और तिसगांव (227/1) इन पांच स्थानों पर कुल 11 हजार 120 घरों का निर्माण किया जा रहा है । सभी स्थानों पर ठेकेदारों के माध्यम से निर्माण कार्य तेजी से जारी है ।
योजना के पहले चरण में लगभग साढ़े चार हजार लाभार्थियों को पात्र घोषित किया गया है । इन लाभार्थियों को 10 प्रतिशत अनामत राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे । मनपा प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित कर लाभार्थियों को ऋण और अन्य प्रक्रियाओं में सहायता का आश्वासन दिया गया । इसके बाद योजना को लेकर लाभार्थियों का प्रतिसाद बढ़ा है ।
मनपा प्रशासन के अनुसार अब तक कुल 1 हजार 59 लाभार्थियों ने अनामत राशि जमा की है । इनमें हर्सूल के 111, पडेगांव के 123, सुंदरवाडी के 548, तिसगांव (225/1) के 138 और तिसगांव (227/1) के 139 लाभार्थियों का समावेश है ।
अनामत राशि जमा करने की अंतिम तिथि गुरुवार को समाप्त हो रही थी । लेकिन लाभार्थियों की मांग और बढ़ते प्रतिसाद को देखते हुए मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने समय सीमा बढ़ाकर 4 जून कर दी है । उपायुक्त अपर्णा थेटे ने पात्र लाभार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर राशि जमा करने की अपील की है ।
छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने नए लाभार्थियों के लिए भी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। अब तक कुल 623 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं । इनमें पडेगांव से 116, सुंदरवाडी से 264, तिसगांव के दोनों प्रकल्पों से 64 तथा हर्सूल से 179 आवेदन शामिल हैं ।
उपायुक्त अपर्णा थेटे ने बताया कि नए आवेदन जमा करने की प्रक्रिया के लिए भी समय सीमा बढ़ा दी गई है । ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद नागरिक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त कर सकें ।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट