NEET Paper Leak: नांदेड़ में सीबीआई की बड़ी छापेमारी, दो छात्रों से घंटों पूछताछ; कोचिंग नेटवर्क खंगाल रही टीम

NEET Paper Leak Scam: नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने नांदेड़ के शिवाजीनगर और भाग्यनगर में छापेमारी कर दो छात्रों व उनके परिजनों से पूछताछ की। लातूर कोचिंग नेटवर्क से संबंधों की जांच जारी।
In the NEET paper leak probe, a CBI team raided Nanded and questioned two students. The agency is investigating potential links with Latur's coaching institutes.
नीट पेपर लीक मामला नांदेड़ सीबीआई (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nanded CBI Raid NEET Paper Leak Scam:  नीट पेपर लीक मामले की जांच में जुटी केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम एक बार फिर नांदेड़ पहुंची और शहर के विभिन्न स्थानों पर जांच-पड़ताल की। टीम ने शिवाजीनगर और भाग्यनगर पुलिस थाना क्षेत्र के दो स्थानों पर छापेमारी करते हुए मामले से जुड़े दो विद्यार्थियों और एक परिवार से विस्तृत पूछताछ की।

सूत्रों के अनुसार, सीबीआई अधिकारियों ने छात्रों और उनके परिजनों से नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र कथित रूप से कब और किस माध्यम से प्राप्त किया गया, इसके लिए कितनी राशि का भुगतान किया गया, प्रश्नपत्र कहां उपलब्ध कराया गया तथा इसमें शामिल एजेंट या मध्यस्थ कौन थे, जैसे कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे। जांच एजेंसी ने करीब सात से आठ घंटे तक पूछताछ करने के बाद संबंधित दस्तावेजों और जानकारी का परीक्षण किया।

पूछताछ पूरी होने के बाद सीबीआई की टीम वापस लातूर के लिए रवाना हो गई। हालांकि जांच एजेंसी ने मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी नजर बनाए रखी है और आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

गौरतलब है कि देशभर में चर्चा का विषय बने नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के कुछ लोगों का भी समावेश है। इसी कड़ी में नांदेड़ और आसपास के क्षेत्रों में संभावित नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।

जांच का दायरा अब कोचिंग संस्थानों तक भी बढ़ाया जा रहा है। सीबीआई यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित विद्यार्थी किन कोचिंग क्लासों से जुड़े थे और उनका लातूर के चर्चित कोचिंग संचालक शिवराज मोटेगांवकर की आरसीसी संस्था या अन्य शैक्षणिक नेटवर्क से कोई संबंध था या नहीं। इसके अलावा पुणे कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।

सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से दोबारा पूछताछ की जा सकती है। इसके लिए सीबीआई टीम के फिर से नांदेड़ आने या संबंधित लोगों को पुणे बुलाए जाने की संभावना है।

जांच एजेंसी की रडार पर नांदेड़ के कुछ अन्य विद्यार्थी और उनके अभिभावक भी बताए जा रहे हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। CBI की जांच आगे बढ़ने के साथ ही पेपर लीक नेटवर्क के कई और पहलुओं से पर्दा उठ सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com