दोस्त ने जंगल में बुलाया और कुल्हाड़ी से काट डाला...जॉ फ्रैक्चर क्लिप से सुलझी मर्डर मिस्ट्री

Maharashtra Murder Case: महाराष्ट्र के गौताला जंगल में मिली सिर कटी लाश की गुत्थी जॉ फ्रैक्चर क्लिप से सुलझी, पुलिस ने आरोपी दोस्त श्रवण धनगर को हत्या के आरोप में पकड़ा।
Maharashtra Police
दोस्त ने जंगल में बुलाया और कुल्हाड़ी से काट डाला...जॉ फ्रैक्चर क्लिप से सुलझी मर्डर मिस्ट्री
Published on
Updated on

Maharashtra News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के कन्नड तहसील में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पुलिस को सकते में डाल दिया। गौताला जंगल की 100 फीट गहरी खाई में मिली सिर कटी लाश पहचान की शुरुआत में पहेली बनी थी, लेकिन एक छोटे से जॉ फ्रैक्चर क्लिप ने इस गुत्थी को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। इस सुराग के सहारे पुलिस ने न सिर्फ मृतक की पहचान की, बल्कि हत्यारे को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

पुलिस ने बताया कि 3 सितंबर को उन्हें सूचना मिली कि गौताला जंगल में एक शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव पूरी तरह सड़ा हुआ था और सिर धड़ से अलग था। थोड़ी दूरी पर कटा हुआ सिर भी बरामद हुआ। शव की हालत ऐसी थी कि पहचान करना असंभव लग रहा था। तभी जांच के दौरान मृतक के जबड़े में लगी एक मेटल क्लिप पुलिस के लिए बड़ा सुराग बन गई। यह जॉ फ्रैक्चर क्लिप थी, जो मेडिकल हिस्ट्री से जोड़कर मृतक की पहचान का रास्ता खोलने वाली थी।

पुलिस ने अस्पताल के रिकॉर्ड खंगाले, जहां पता चला कि जुलाई 2023 में एक युवक के जबड़े में एक्सीडेंट के बाद यह क्लिप लगाई गई थी। रिकॉर्ड के आधार पर शव की पहचान 28 वर्षीय निलेश सूर्यवंशी, निवासी चालीसगांव, के रूप में हुई। निलेश कई दिनों से लापता था और उसकी गुमशुदगी का मामला पहले से दर्ज था। मेडिकल हिस्ट्री और क्लिप के मिलान से यह पुष्टि हुई कि जंगल में मिला शव निलेश का ही है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने निलेश के दोस्त श्रवण धनगर पर शक जताया। हिरासत में लेने के बाद सख्त पूछताछ में श्रवण ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि निलेश और उसके बीच आपसी विवाद चल रहा था। धमकियों से तंग आकर श्रवण ने हत्या की योजना बनाई। उसने निलेश को जंगल में बुलाया, जहां कहासुनी के बाद कुल्हाड़ी से हमला कर उसे मार डाला। इसके बाद सिर को धड़ से अलग कर शव को खाई में फेंक दिया। तीन दिन बाद शव से बदबू फैलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार राठौड़ ने बताया, "आरोपी और मृतक दोस्त थे, लेकिन विवाद के चलते हत्या हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।" -एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com