River Rejuvenation: खाम नदी पुनर्जीवन परियोजना मे आई गति, प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ नदी बनाने के दिए निर्देश

River Cleaning Drive: सुबह 6:30 बजे खाम नदी के निरीक्षण पर पहुंचे आयुक्त अमोल येडगे ने गंदा पानी और कचरा फैलाने वालों पर दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश। नदी को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने का है गोल
kham rive rejuvenation project action against pollution sambhajinagar
आयुक्त अमोल येडगे निरीक्षण के दौरान (सोर्सः फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Kham River Rejuvenation Project: कभी शहर की पहचान मानी जाने वाली खाम नदी अब गंदगी, प्रदूषण और अतिक्रमण की मार झेल रही है। लेकिन अब इस ऐतिहासिक नदी को नया जीवन देने के लिए छत्रपति संभाजीनगर म्युंसिपल कॉरपोरेशन ने कमर कस ली है। शुक्रवार सुबह मनपा आयुक्त अमोल येडगे खुद सुबह 6:30 बजे अधिकारियों के साथ नदी क्षेत्र में पहुंचे और पुनर्जीवन परियोजना के कामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नदी में बहता गंदा पानी, कचरे के ढेर, अतिक्रमण और क्षतिग्रस्त सुरक्षा संरचनाएं देखकर अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कई कारणों से फैल रही नदी मे गंदगी

निरीक्षण में सामने आया कि कई घरों और प्रतिष्ठानों का दूषित पानी सीधे नदी में छोड़ा जा रहा है। कुछ जगहों पर सीवरेज लाइनें अधिकृत ड्रेनेज से जुड़ी ही नहीं थीं, जिससे नदी लगातार प्रदूषित हो रही है। इसके अलावा नदी किनारों पर कचरे के ढेर और झाड़ियां जल प्रवाह में बड़ी बाधा बन रही हैं। पानचक्की क्षेत्र और वक्फ बोर्ड परिसर से भी नदी में कचरा फेंके जाने की शिकायतें सामने आईं। इसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने और नियमित कचरा संग्रहण व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया गया। आयुक्त ने साफ कहा कि खाम नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कर्मचारियों की कमी पर होगी संविदा श्रमिकों की नियुक्ति

महा नगर पालिका अब मानसून से पहले नदी की व्यापक सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान चलाने जा रही है। झाड़ियों को हटाने, सुरक्षा दीवारों की मरम्मत करने और अतिरिक्त मशीनें लगाने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजना में कर्मचारियों की कमी को देखते हुए संविदा श्रमिकों की नियुक्ति भी की जाएगी। आयुक्त अमोल येडगे ने कहा कि 'खाम नदी का पुनर्जीवन केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि पूरे शहर का अभियान है। इसके लिए विद्यार्थियों, सामाजिक संस्थाओं, एनसीसी और नागरिकों को जोड़कर बड़े स्तर पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि आने वाले समय में खाम नदी फिर से शहर की शान बन सके।'

- नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com