

Sambhajinagar Samruddhi Highway Crash: छत्रपति संभाजीनगर के जालना जिले में समृद्धि महामार्ग पर 1 अप्रैल 2026 की शाम हुए भीषण सड़क हादसे में मृत आठ महिलाओं के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस निर्देशानुसार मुख्यमंत्री सहायता निधि से प्रत्येक मृतक के वारिस को 5 लाख रुपये के अनुसार कुल 40 लाख रुपए की सहायता मंजूर की गई है।
यह राशि जालना के जिलाधिकारी के खाते में जमा कर दी गई है। यह दुर्घटना जालना शहर के पास कडवंची गांव के समीप 1 अप्रैल की शाम लगभग 5 बजे हुई थी।
मजदूरों को लेकर जा रहे एक पिकअप वाहन को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में आठ महिलाओं की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का उपचार जालना के अस्पताल में चल रहा है। मृतकों में लक्ष्मीबाई संतोष मदन, कडुबाई रामदास मदन, ताराबाई गहेनाजी चौधरी, मंगलाबाई प्रकाश सिनगारे, सुमनबाई कचरू अदमाने, अलकाबाई दादाराव अदमाने, मिनाबाई परमेश्वर अदमाने और कांचनबाई प्रकाश अदमाने शामिल हैं।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि टुक चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों की पहचान कर सहायता राशि शीघ्र वितरित करने के निर्देश दिए गए है।
साथ ही घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए है। बता दें कि जालना जिले में समृद्धि महामार्ग पर सड़क हादसे में मृत के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।