संभाजीनगर में 'कॉफी विद मेयर': महापौर समीर राजूरकर ने 100 कंटेंट क्रिएटर्स संग शहर की ब्रांडिंग का अभियान शुरू

Sambhajinagar News: छत्रपति संभाजीनगर के महापौर समीर राजूरकर ने 'कॉफी विद मेयर' कार्यक्रम में 100 सोशल मीडिया क्रिएटर्स और ब्लॉगर्स से मुलाकात की और शहर की सकारात्मक छवि को बढ़ावा देने की अपील की।
Chhatrapati Sambhajinagar Municipal Recruitment Exam 8 9 July No Postponement
छत्रपति संभाजीनगर मनपा (सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar News Coffee With Mayor: किसी भी शहर की पहचान केवल चौड़ी सड़कों, आधुनिक इमारतों और आधारभूत सुविधाओं से नहीं बनती, बल्कि वहां के नागरिकों की सोच, सामाजिक जिम्मेदारी और शहर के प्रति अपनापन ही उसकी वास्तविक छवि तय करता है। इसी सोच के साथ महापौर समीर राजूरकर ने शहर के सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स, ट्रैवल ब्लॉगर और डिजिटल माध्यमों से जुड़े युवाओं से छत्रपति संभाजीनगर की सकारात्मक और विश्वसनीय छवि देश-दुनिया तक पहुंचाने का आह्वान किया।

स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयोजित 'कॉफी विद मेयर' संवाद कार्यक्रम में शहर के लगभग 100 सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स, ट्रैवल ब्लॉगर, हास्य कलाकारों और विभिन्न डिजिटल मंचों से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य डिजिटल माध्यमों के जरिए शहर के विकास, पर्यटन और सामाजिक जागरूकता को नई दिशा देना था।

महापौर समीर राजूरकर ने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों से समृद्ध शहर है। यहां के पर्यटन स्थलों, विरासत, संस्कृति और सकारात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर शहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंचार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है, इसलिए इसका उपयोग रचनात्मक और सकारात्मक उद्देश्य के लिए किया जाना चाहिए।

केवल सुविधाएं नहीं, लोगो की भूमिका भी महत्वपूर्ण

छत्रपति संभाजीनगर महापौर ने कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास में नागरिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। स्वच्छता बनाए रखना, यातायात नियमों का पालन करना, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा करना और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

यदि नागरिक अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें तो शहर का विकास अधिक तेजी से संभव हो सकता है। संवाद कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, पर्यटन विकास, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, नागरिक सहभागिता तथा डिजिटल माध्यमों की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

पर्यटन के साथ स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी पर चर्चा

सोशल मीडिया क्रिएटर्स और ब्लॉगर ने शहर के विकास से जुड़े अनेक सुझाव भी रखे, जिन्हें महापौर ने गंभीरता से सुना और भविष्य की योजनाओं में शामिल करने का आश्वासन दिया। महापौर समीर राजूरकर ने कहा कि शहर की अच्छी छवि बनाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि नागरिकों, पारंपरिक मीडिया और डिजिटल मंचों पर सक्रिय प्रत्येक व्यक्ति की भी है।

उन्होंने सभी कंटेंट क्रिएटर्स से अपील की कि वे छत्रपति संभाजीनगर की उपलब्धियों, पर्यटन स्थलों, सांस्कृतिक विरासत और विकास कार्यों को प्रमुखता देकर शहर की सकारात्मक पहचान मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Navbharat Live
navbharatlive.com