संभाजीनगर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान में 1,239 ऑटो रिक्शाओं पर की कार्रवाई, 11 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

Sambhajinagar Traffic Police Fine: छत्रपति संभाजीनगर में ट्रैफिक पुलिस के विशेष अभियान में 1,239 ऑटो रिक्शा चालकों पर कार्रवाई हुई। नियम उल्लंघन पर 11.09 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
Chhatrapati Sambhajinagar Traffic Police Fine Auto Rickshaw Special Drive Challans
कार्रवाई करती ट्रैफिक पुलिस (फोटो नवभारत)
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Traffic Police Fine: शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 1,239 ऑटो रिक्शा चालकों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की गई। इस अभियान में कुल 11 लाख 9 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सुभाष भुजंग ने बताया कि शहर में बढ़ती यातायात अव्यवस्था और ऑटो चालकों द्वारा नियमों की अनदेखी की लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर 13 जुलाई को सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया।

नियमों का उल्लंघन करने पर फाइन

अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से ऑटो खड़ा करना, बिना निर्धारित वर्दी के वाहन चलाना, चालक के पास लाइसेंस नहीं होना, आगे की सीट पर यात्री बैठाना, लंबे समय से लंबित चालान होने के बावजूद वाहन चलाना तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान कुल 1,239 ऑटो रिक्शा चालकों के खिलाफ चालान काटे गए और उनसे 11 लाख 9 हजार 200 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार, पुलिस उपायुक्त शर्मिष्ठा घारगे-वालावलकर तथा सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सुभाष भुजंग के मार्गदर्शन में की गई।

अभियान में पुलिस निरीक्षक मंगेश जगताप, पवन चौधरी, सहायक पुलिस निरीक्षक रविकांत गच्चे तथा यातायात शाखा के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।

पुलिस ने नागरिकों से की अपील

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन करने वाले ऑटो रिक्शा चालकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। कार्रवाई केवल उन चालकों के खिलाफ की जा रही है जो यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं, मनमाने तरीके से वाहन चलाते हैं या यात्रियों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं।

पुलिस ने कहा कि ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी नियमित रूप से सख्त अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही सभी ऑटो रिक्शा चालक और अन्य वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अनुशासित ढंग से वाहन चलाएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com