छत्रपति संभाजीनगर: वायरल वीडियो से घिरी ट्रैफिक पुलिस, रिश्वत लेने के आरोप में कर्मचारी को ड्युटी से हटाया गया

Traffic Police Bribery Viral Video: छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक पर ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी का कथित रिश्वत लेते वीडियो वायरल होने के बाद उसे हटाकर विभागीय जांच शुरू की गई है।
Chhatrapati Sambhajinagar Traffic Police Bribery Viral Video Investigation
ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी पर रिश्वत का आरोप (फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Sambhajinagar Traffic Police Bribery Viral Video: शहर के व्यस्ततम क्रांति चौक चौराहे पर यातायात जांच अभियान के दौरान एक ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन चालकों से कथित रूप से नकद राशि लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग हरकत में आ गया है।

वीडियो सामने आने के बाद संबंधित कर्मचारी को तत्काल मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है तथा पूरे प्रकरण की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। घटना ने यातायात व्यवस्था की पारदर्शिता और कार्रवाई की निष्पक्षता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल

सोशल मीडिया पर प्रसारित दो अलग-अलग वीडियो में दावा किया जा रहा है कि जांच के दौरान एक ट्रैफिक पुलिस कुछ वाहन चालकों से नकद राशि लेता दिखाई दे रहा है। वीडियो में यह भी आरोप लगाया गया है कि राशि लेने के बाद संबंधित चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान या अन्य दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सुभाष भुजंग ने बताया कि वीडियो में दिखाई देने वाले कर्मचारी की प्राथमिक रिपोर्ट तैयार कर उसे मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की विस्तृत विभागीय जांच की जा रही है और यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

क्रांति चौक शहर के सबसे अधिक यातायात वाले चौराहों में शामिल है, जहां प्रतिदिन विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है। ऐसे में वायरल वीडियो ने अभियान की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही वाहन जांच प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए बॉडी कैमरा, सीसीटीवी निगरानी और पूर्णतः डिजिटल चालान व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने की भी मांग उठी है।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com