

Anil Makariye Meet CM Devendra Fadnavis: छत्रपति संभाजीनगर शहर की जर्जर सड़कें, बढ़ता यातायात दबाव और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार से बड़े पैमाने पर वित्तीय सहायता की मांग की गई है। महानगरपालिका की स्थायी समिति के सभापति अनिल मकरिये ने मंगलवार को मुंबई स्थित विधान भवन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को ज्ञापन सौंपकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों के विकास के लिए तत्काल निधि उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस दौरान राज्य के ओबीसी विकास मंत्री अतुल सावे भी उपस्थित थे।
ज्ञापन में नगर नाका से मिटमिटा तक पडेगांव मार्ग के चौड़ीकरण और सर्वांगीण विकास के लिए पहले चरण में 500 करोड़ रुपये की मांग की गई है। बताया गया कि विकास योजना के अनुसार यह मार्ग 60 मीटर चौड़ा प्रस्तावित है। यह सड़क पडेगांव से मिटमिटा क्षेत्र की 20 से 22 आवासीय कॉलोनियों को शहर से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके विकसित होने से हजारों नागरिकों को सुगम यातायात सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
स्थायी समिति सभापति ने सिडको बस स्टैंड से हरसूल टी-पॉइंट होते हुए महानगरपालिका सीमा तक जलगांव मार्ग के चौड़ीकरण के लिए भी 360 करोड़ रुपये का प्रावधान करने की मांग की। उनका कहना है कि इस मार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात के कारण लोगों को प्रतिदिन जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। सड़क का विस्तार होने से यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा।
ज्ञापन में चक्रधर स्वामी चौक से महानगरपालिका सीमा तक पैठण मार्ग के विकास के लिए पहले चरण में 350 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है। इस मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से शहर के दक्षिणी भाग की यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु होने की उम्मीद जताई गई है।
नगर नाका से केंब्रिज चौक तक 60 मीटर चौड़े जालना मार्ग के सर्वांगीण विकास, सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए पहले चरण में 300 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की मांग भी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष रखी गई। मकरिये ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से शहर की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या के कारण होने वाली भीड़भाड़ में काफी कमी आएगी।
अनिल मकरिये ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आग्रह किया कि छत्रपति संभाजीनगर के तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन सभी सड़क परियोजनाओं के लिए शीघ्र वित्तीय स्वीकृति दी जाए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, यातायात जाम की समस्या कम होगी और नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट