

Sambhajinagar Pulse Polio Campaign: पांच वर्ष तक की आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से महानगरपालिका रविवार, 28 जून को शहर व्यापी पल्स पोलियो अभियान चलाएगी। इस दौरान शहर के 1 लाख 99 हजार 56 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बूथों से लेकर घर-घर पहुंचने वाली टीमों तक व्यापक व्यवस्था की है, ताकि कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे। शहर के महापौर समीर राजूरकर ने गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि अभियान के लिए पूरे शहर में 692 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे।
अभियान के लिए महानगरपालिका के पांच अस्पतालों, छावनी परिषद के एक अस्पताल तथा 34 स्वास्थ्य केंद्रों को जोड़ा गया है। इसके साथ ही 43 चिकित्सा अधिकारी, 2050 स्वास्थ्यकर्मी, 140 पर्यवेक्षक, 588 घर-घर सर्वेक्षण टीमें, 1176 क्षेत्रीय कर्मचारी तथा 143 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। शहर के लगभग 3 लाख 67 हजार 260 घरों तक पहुंचकर बच्चों का सत्यापन किया जाएगा।
बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे, प्रमुख बाजारों, मॉल, यातायात चौराहों, सब्जी मंडियों, साप्ताहिक बाजारों, शहर के प्रवेश मार्गों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों तथा अस्थायी बस्तियों में 24 मोबाइल टीमें विशेष रूप से तैनात रहेंगी। इसके अलावा 144 ट्रांजिट टीमें और तीन रात्रिकालीन टीमें भी अभियान का हिस्सा रहेंगी, ताकि किसी भी बच्चे तक पहुंचने में चूक न हो।
महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे ने अभियान की निगरानी के लिए विशेष कार्यबल का गठन किया है। इसमें अतिरिक्त आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। वहीं, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग के कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से पूरे शहर में जन जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
अभियान से एक दिन पहले शनिवार, 27 जून को शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली जाएगी। विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान भी पोलियो उन्मूलन का संदेश दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।
अभियान में निजी अस्पतालों और सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जा रहा है। मेडिकवर अस्पताल की ओर से ट्रांजिट टीमों और ट्रफिक पुलिस के लिए 100 वर्षा कोट उपलब्ध कराए जाएंगे। मेडिकवर, सेठ नंदलाल धूत अस्पताल, डॉ. हेडगेवार अस्पताल, यूनाइटेड सिग्मा तथा एमजीएम अस्पताल परिसर में जनजागरूकता संबंधी होर्डिंग लगाए जाएंगे। वहीं, भारतीय चिकित्सा संघ की ओर से शहर के प्रमुख चौराहों पर भी जागरूकता संदेश प्रदर्शित किए जाएंगे।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट