सातारा-देवलाई और कांचनवाडी-नक्षत्रवाड़ी में संपत्ति कर सर्वे अभियान तेज, कर निर्धारण के लिए 130 कर्मचारी तैनात

Municipal Corporation Property Tax Drive: संभाजीनगर मपना ने संपत्ति कर वसूली के लिए इन में शुरू किया विशेष सर्वे अभियान। 130 कर्मचारियों की टीम संपत्तियों का करेगी पुनर्मूल्यांकन। जानें पूरी जानकारी।
Property Tax Survey Drive Intensifies in Satara-Deolai and Kanchanwadi-Nakshatrawadi; 130 Employees Deployed for Tax Assessment
मनपा की अतिरिक्त आयुक्त कल्पिता पिंपले (सोर्स: फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Property Tax Survey: छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने संपत्ति कर वसूली बढ़ाने के उद्देश्य से शहर की नई तथा संशोधित संपत्तियों पर कर निर्धारण और पुनर्मूल्यांकन अभियान तेज कर दिया है । तेजी से विकसित हो रहे सातारा-देवलाई तथा कांचनवाडी-नक्षत्र वाड़ी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर घर-घर सर्वे किया जा रहा है । महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन क्षेत्रों की कोई भी संपत्ति कर निर्धारण और पुनर्मूल्यांकन से बाहर नहीं रहेगी।

मनपा की अतिरिक्त आयुक्त कल्पिता पिंपले ने बताया कि महानगरपालिका सीमा में लगातार नई बस्तियां और निर्माण कार्य बढ़ रहे हैं । इसे ध्यान में रखते हुए नई संपत्तियों को कर के दायरे में लाने तथा पुरानी संपत्तियों का पुनर्मूल्यांकन करने का निर्णय लिया गया है । इसके लिए संपत्ति कर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित की गई हैं।

130 कर्मचारियों की विशेष नियुक्ति

मनपा ने नए कर निर्धारण और संपत्तियों के पुनर्मूल्यांकन के लिए 130 कर्मचारियों की नियुक्ति की है । प्रत्येक जोन में पहले से कार्यरत कर्मचारियों के साथ अतिरिक्त कर्मचारियों को भी लगाया गया है । प्रशासन का कहना है कि यदि संपत्ति धारक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हैं, तो 15 दिनों के भीतर कर निर्धारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान

कल्पिता पिंपले ने बताया कि देवलाई और कांचनवाडी-नक्षत्र वाड़ी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर नए निर्माण कार्य हो रहे हैं । इन नई इमारतों को संपत्ति कर के दायरे में लाने के लिए विशेष सर्वे अभियान शुरू किया गया है । जिन संपत्तियों पर अब तक कर नहीं लगाया गया है अथवा जिनका मूल्यांकन नहीं हुआ है, उनका पुनर्मूल्यांकन भी किया जाएगा।

जोन-8 और जोन-10 से अभियान की शुरुआत

छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने इस विशेष अभियान की शुरुआत जोन-8 और जोन-10 से की है । विभिन्न जोन कार्यालयों के कर निर्धारण अधिकारियों की टीमें संबंधित क्षेत्रों में घर-घर जाकर जानकारी एकत्र कर रही हैं और कर निर्धारण की प्रक्रिया पूरी कर रही हैं।

भवनों में बदलाव होने पर फिर से होगा मूल्यांकन

अतिरिक्त आयुक्त कल्पिता पिंपले ने स्पष्ट किया है कि जिन संपत्तियों के निर्माण में बदलाव किया गया है, उनका दोबारा मूल्यांकन कर नया कर निर्धारित किया जाएगा । इसके माध्यम से कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com