छत्रपति संभाजीनगर में प्लास्टिक के खिलाफ मनपा का कड़ा प्रहार, 1340 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त

Anti-Plastic Campaign: छत्रपति संभाजीनगर में प्लास्टिक विरोधी अभियान के तहत मनपा ने 1340 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया। जानें शहर में कैसे प्लास्टिक मुक्त मुहिम बनी जनआंदोलन।
Municipal Corporation Launches Strict Crackdown on Plastic in Chhatrapati Sambhajinagar; 1,340 kg of Banned Plastic Seized
रेड की फोटो (सोर्स: फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Plastic Ban Raid: महानगरपालिका के नागरिक मित्र पथक ने शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रत्येक मामले में 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। इस कार्रवाई में कुल 50 हजार रुपये का दंड वसूल किया गया तथा 1340 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया। पहली कार्रवाई बीड बायपास क्षेत्र स्थित ‘ए आर इंटरप्राइजेस’ पर की गई। यहां करीब 80 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक मिलने पर 25 हजार रुपये का ऑनलाइन जुर्माना वसूल किया गया।

छापेमारी का विवरण

दूसरी कार्रवाई गुरुवार को झोन क्रमांक 02 के खारा कुआ क्षेत्र में गुजराती स्कूल के सामने स्थित सुराणा प्लास्टिक के गोदाम पर की गई। यहां 1260 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक का बड़ा भंडार जब्त किया गया तथा मौके पर ही 25 हजार रुपये का नकद जुर्माना वसूला गया। महापौर समीर राजूरकर और महानगरपालिका आयुक्त अमोल येडगे के मार्गदर्शन में शहर में प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ अभियान प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है।

शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान की निगरानी महानगरपालिका के उपायुक्त नंदकिशोर भोंबे कर रहे हैं। बीड बायपास क्षेत्र की कार्रवाई में स्वच्छता निरीक्षक आनंद तांबे, स्वच्छता निरीक्षक उमेश खरात तथा नागरिक मित्र पथक के गौतम वानखेड़े, संतोष नवगिरे, रावसाहेब इथाटे और अरुण काकरवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं खारा कुआ क्षेत्र की कार्रवाई नागरिक मित्र पथक के देविदास सुसर, स्वर्णसिंह परदेशी, बालाजी साबले, जनार्दन सांगले तथा मनपा के जवान किशोर नाडे, संतोष जाधव और राजपाल बिर्डा की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।

जब्त किए गए प्लास्टिक को दोबारा बाजार में जाने से रोकने तथा उसके पुनः उपयोग पर प्रतिबंध लगाने के उद्देश्य से मनपा प्रशासन द्वारा हर्सूल स्थित कचरा प्रक्रिया केंद्र में तत्काल नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की सीमा से प्रतिबंधित प्लास्टिक को पूरी तरह खत्म करने के लिए मनपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग, भंडारण अथवा वितरण करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। आयुक्त अमोल येडगे ने सभी व्यापारियों, व्यवसायियों और नागरिकों से नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

प्लास्टिक विरोधी अभियान को मिला जनआंदोलन का स्वरूप

मनपा की लगातार और सख्त कार्रवाई के कारण अब शहर के नागरिकों तथा छोटे व्यापारियों में भी जागरूकता बढ़ती दिखाई दे रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दुकानदारों, सब्जी और फल विक्रेताओं ने स्वयं पहल करते हुए अपनी दुकानों और ठेलों पर आज से प्लास्टिक की थैलियां नहीं मिलेंगी। कृपया खरीदारी के लिए घर से थैली लाएं। जैसे संदेश वाले बोर्ड लगाना शुरू कर दिया है। छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका की अपील का सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है और व्यापारी ग्राहकों से कपड़े के थैले साथ लाने का आग्रह कर रहे हैं। इससे यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com