छत्रपति संभाजीनगर मनपा की बड़ी कार्रवाई; उस्मानपुरा में काटे गए 42 अवैध नल कनेक्शन, पानी चोरों में हड़कंप

Chhatrapati Sambhajinagar News: मनपा ने उस्मानपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 42 अवैध नल कनेक्शन काट दिए हैं। कम दबाव से पानी मिलने की शिकायतों को दूर करने के लिए यह अभियान चलाया गया।
Major Action by Chhatrapati Sambhajinagar Municipal Corporation: 42 Illegal Water Connections Cut in Usmanpura; Panic Among Water Thieves
उस्मानपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए (सोर्स: फाइल फोटो)
Updated on

Illegal Water Connection: भीषण गर्मी के इस मौसम में शहर की जलापूर्ति (Water Supply) व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और पानी की चोरी रोकने के लिए छत्रपति संभाजीनगर मनपा पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। मनपा के जलापूर्ति विभाग ने उस्मानपुरा क्षेत्र के मोरया चौक इलाके में एक बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुख्य 150 मिमी उपजल पाइपलाइन पर डाका डालकर अवैध रूप से किए गए 42 नल कनेक्शनों को मनपा के दस्ते ने तत्काल प्रभाव से काट दिया। मनपा की इस अचानक हुई कार्रवाई से जहां पानी चोरों में हड़कंप मच गया है, वहीं टैक्स भरने वाले नियमित और अधिकृत उपभोक्ताओं को अब पर्याप्त दबाव के साथ पानी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

कमिश्नर के कड़े निर्देश के बाद शुरू हुआ स्पेशल ऑपरेशन

दरअसल, गर्मी का पारा बढ़ते ही शहर के कई इलाकों से पानी की समस्या और बेहद कम दबाव (Low Pressure) से जलापूर्ति होने की शिकायतें मनपा प्रशासन को मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मनपा आयुक्त एवं प्रशासक अमोल येडगे ने हाल ही में जल वितरण व्यवस्था की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली थी। इस बैठक में कमिश्नर येडगे ने अधिकारियों को दो टूक लहजे में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि मुख्य और वितरण पाइपलाइनों पर किए गए सभी अवैध कनेक्शनों को तत्काल हटाया जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए। इसी आदेश के बाद पूरे शहर में यह विशेष अभियान छेड़ा गया है।

मोरया चौक क्षेत्र में ऑन स्पॉट जांच, खुली पोल

आयुक्त के निर्देश के बाद मनपा के इंजीनियर्स और तकनीकी कर्मचारियों की एक विशेष टीम ने उस्मानपुरा क्षेत्र के मोरया चौक इलाके का प्रत्यक्ष निरीक्षण (Surprise Inspection) किया। इस गहन जांच के दौरान अधिकारियों के होश उड़ गए जब मुख्य पाइपलाइन से ही सीधे 42 अवैध कनेक्शन जुड़े हुए पाए गए। इन अवैध कनेक्शनों के कारण पानी का प्रेशर पूरी तरह से ड्रॉप हो जा रहा था और आगे की रिहाइशी सोसायटियों के अधिकृत उपभोक्ताओं को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा था। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से खुदाई कर सभी 42 अवैध कनेक्शनों को हमेशा के लिए ब्लॉक कर दिया।

इन अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

यह पूरा अभियान मनपा की अतिरिक्त आयुक्त कल्पिता पिंपले के सीधे मार्गदर्शन में चलाया गया। कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए मौके पर अतिरिक्त शहर अभियंता अनिल तनपुरे, कार्यकारी अभियंता वसंत भोये, उपअभियंता किरण धांडे, पथक अभियंता रोहित इंगले और शाखा अभियंता मिलिंद भामरे सहित मनपा का भारी तकनीकी अमला और नागरिक सहायता दल मुस्तैद था।

नियमित उपभोक्ताओं को मिलेगा पूरा हक

छत्रपति संभाजीनगर मनपा प्रशासन ने साफ किया है कि इस कार्रवाई का सीधा फायदा उन ईमानदार नागरिकों को मिलेगा जो नियमित रूप से मनपा का वॉटर टैक्स भरते हैं। अवैध कनेक्शन कटने से अब क्षेत्र में पानी का दबाव सुधरेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए मनपा की अतिरिक्त आयुक्त कल्पिता पिंपले ने कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि, यह अभियान केवल उस्मानपुरा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शहर में जहां भी अवैध जल कनेक्शन हैं, उन्हें खोजने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों और पानी चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com