

Sambhajinagar Heavy Rain Flood Alert 33 Mandal: लगातार हो रही बारिश ने छत्रपति संभाजीनगर शहर और जिले में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर तक करीब 18 घंटे तक हुई मूसलाधार वर्षा से जिले के 33 राजस्व मंडलों में अतिवृष्टि दर्ज की गई। कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर आ गए, पुलों के ऊपर से पानी बहने लगा और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
जिला प्रशासन के अनुसार शुक्रवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 60.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस मानसून में एक जून से अब तक जिले में 342.5 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य मौसमी वर्षा का लगभग 58.9 प्रतिशत है। जिले की औसत वार्षिक वर्षा 581.7 मिलीमीटर मानी जाती है।
सिल्लोड, सोयगाव, कन्नड़, पैठण, फुलंब्री और छत्रपति संभाजीनगर तहसील में सबसे अधिक बारिश हुई। सोयगांव और जरंडी में 141।8 मिलीमीटर, भराड़ी, आमठाणा, बोरगांव और अंभई में 137.3 मिलीमीटर, गोलेगाव और पालोद में 126.3 मिलीमीटर, शिवना में 103 मिलीमीटर, चिकलठाणा में 90.5 मिलीमीटर तथा पैठण में 77 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
सिल्लोड तहसील के केलगांव, आथरवाड़ी और केन्हाला गांवों को जोड़ने वाले पुलों के ऊपर से पानी बहने के कारण इन गांवों का संपर्क अस्थायी रूप से टूट गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इन मार्गों पर आवाजाही रोक दी है। राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं।
लगातार वर्षा का असर जायकवाड़ी बांध पर भी दिखाई दे रहा है। बांध का जलभराव बढ़कर 74.50 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जिससे सिंचाई और पेयजल व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।
मौसम विभाग ने 4 अगस्त तक छत्रपति संभाजीनगर जिले में मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई है। प्रशासन ने नागरिकों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, पुलों पर पानी होने की स्थिति में जोखिम न उठाने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट