

Chhatrapati Sambhajinagar Bikers Gang: छत्रपति संभाजीनगर शहर में दोपहिया वाहनों पर सवार बदमाशों की ओर से लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं लेने से लोगों में बेहद भय का माहौल है। सोमवार को 2 महिलाओं के मंगलसूत्र और एक शख्स का मोबाइल छीन लिया गया। चिंताजनक बात यह है कि पिछले कुछ दिनों से देखा जा रहा है कि बदमाश लूट के दौरान चाकू दिखाकर धमकाने भी लगे हैं।
यह घटनाएं क्रमशः जिन्सी व पुंडलिक नगर थाना क्षेत्रों में हुई। पहली घटना कैलाश नगर गली नंबर-3 में 25 मई को शाम करीब 4 बजे जिन्सी पुलिस थाना क्षेत्र में हुई हुई। रंजनाबाई अशोक सुपेकर घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान दो बदमाश मोटरसाइकिल पर आए जिसमें से पीछे बैठे युवक ने उनके गले से करीब डेढ़ तोले का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए।
दूसरी घटना दोपहर करीब 3:45 बजे परिमल हाउसिंग सोसायटी क्षेत्र में हुई। ज्ञाननगर निवासी ताराबाई भारत शिंदे घर का काम कर लौट रही थीं। इस बीच, बाइक पर आए दो युवकों ने चाकू दिखाकर धमकाकर उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। महिला के शोर मचाने से पहले ही आरोपी फुर्र हो गए। इस मामले में पुंडलिकनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
एक अन्य घटना में पारिजात नगर रोड पर हार्डवेयर दुकान के सामने से जय भवानी चौक की ओर जा रहे सतीश नामदेव राऊत मोबाइल पर बात करते हुए जा रहे थे। तभी पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। राऊत ने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया, परंतु वे भागने में सफल रहे। इस बाबत पुंडलिक नगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।