छत्रपति संभाजीनगर में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: 1215 ऑटो रिक्शा पर ठाेका 11.5 लाख का जुर्माना, 6 ऑटो जब्त

Chhatrapati Sambhajinagar Auto Rickshaw Fine: छत्रपति संभाजीनगर में पुलिस ने ऑटो रिक्शा चालकों पर विशेष अभियान चलाया। 1215 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए लाखों का जुर्माना ठोका और 6 ऑटो जब्त किए।
Chhatrapati Sambhajinagar Auto-Rickshaw challan
छत्रपति संभाजीनगर में ऑटो रिक्शा पर चालानी कार्रवाई करते ट्रैफिक पुलिस अधिकारी (फोटो नवभारत)
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Auto-Rickshaw challan News: छत्रपति संभाजीनगर शहर की सड़कों पर बदहाल यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और आम जनता को जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। छत्रपति संभाजीनगर की यातायात शाखा ने मंगलवार को नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ऑटो रिक्शा चालकों के खिलाफ एक व्यापक और विशेष जांच अभियान चलाया। सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक चले इस 9 घंटे के मैराथन अभियान में पुलिस ने नियम तोड़ने वाले 1,215 ऑटो रिक्शाओं पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की।

11 लाख से अधिक का चालान, 6 ऑटो रिक्शा सीधे जब्त

छत्रपति संभाजीनगर ट्रैफिक पुलिस की इस अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले ऑटो चालकों में हड़कंप मच गया। इस विशेष चेकिंग ड्राइव के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कुल 11 लाख 52 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया लगाया। इनमें से मौके पर ही 1 लाख 31 हजार 600 रुपये की नकद जुर्माना राशि वसूल की गई। वहीं, बार-बार चेतावनी के बावजूद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और लंबे समय से बकाया जुर्माना न भरने वाले 6 ऑटो चालकों के वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

इन प्रमुख उल्लंघनों पर हुई कड़ी पुलिसिया कार्रवाई

छत्रपति संभाजीनगर शहर के सभी प्रमुख व्यस्त चौराहों और मुख्य मार्गों पर एक साथ नाकेबंदी कर चलाए गए इस अभियान के दौरान बिना गणवेश वाहन चलाने, चालक के बगल की सीट पर यात्री बैठाने, बिना वैध अनुमति ऑटो चलाने, निर्धारित स्थानों के बजाय अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़ा करने तथा लंबे समय से जुर्माना बकाया रखने वाले चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर एक साथ जांच अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई।

शीर्ष अधिकारियों के मार्गदर्शन में चला बड़ा अभियान

यह विशेष अभियान छत्रपति संभाजीनगर पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार, पुलिस उपायुक्त शर्मिष्ठा घारगे-वालावलकर तथा सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) सुभाष भुजंग के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान में यातायात निरीक्षक रेखा लोंढे, मंगेश जगताप, पवन चौधरी, सहायक निरीक्षक रविकांत गच्चे, सचिन मिरधे तथा यातायात शाखा के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

-नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com