सुहास शिरसाट बनाम गणेश लोखंडे! MLC चुनाव के लिए कल हाेगा मतदान, देवयानी डोणगांवकर की बगावत के बाद बदला समीकरण

Aurangabad Jalna MLC Election: छत्रपति संभाजीनगर-जालना स्थानीय प्राधिकरण विधान परिषद सीट के लिए कल होगा मतदान। सुहास शिरसाट और गणेश लोखंडे के बीच टक्कर, 22 जून को मतगणना। पढ़ें पूरा समीकरण।
aurangabad jalna mlc election voting tomorrow suhas shirsat vs ganesh lokhande
सुहास शिरसाट और गणेश लोखंडे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Aurangabad Jalna MLC Election Voting Tomorrow: छत्रपति संभाजीनगर-जालना स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद सीट के लिए गुरुवार को मतदान होगा। चुनाव मैदान में तीन उम्मीदवार अपनी किस्मत कलमा रहे हैं। दोनों जिलों के कुल 637 निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपने मताधिकार का प्रयोग कर विधान परिषद सदस्य का चयन करेंगे। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

13 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान

छत्रपति संभाजीनगर जिले के सोयगांव, सिल्लोड, कन्नड़, वैजापुर, खुल्ताबाद, फुलंब्री, छत्रपति संभाजीनगर, गंगापुर और पैठण सहित नौ केंद्रों तथा जालना जिले के भोकरदन, जालना, अंबड और परतूर में चार केंद्रों पर मतदान होगा। कुल 13 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान की प्रक्रिया चलेगी।

नामांकन वापसी के दिन हुआ था बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम

चुनाव प्रक्रिया के दौरान नामांकन वापसी के दिन बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला था। महाविकास आघाड़ी की उम्मीदवार देवयानी डोणगांवकर ने अंतिम समय में नाम वापस लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी थी। इसके बाद महाविकास आघाड़ी ने गणेश लोखंडे को उम्मीदवार बनाकर मुकाबले में बनाए रखा। बाद में देवयानी डोणगांवकर को पार्टी से निष्कासित भी कर दिया गया।

इन तीन उम्मीदवारों के बीच है मुकाबला

गठबंधन / पार्टी उम्मीदवार का नाम
महायुति (भाजपा) सुहास शिरसाट
महाविकास आघाड़ी (शिवसेना उद्धव गुट) गणेश लोखंडे
निर्दलीय इसाक खान सांडू खान

महायुति के पास बहुमत का आंकड़ा, लेकिन रणनीति पर नजर

इस चुनाव में महानगरपालिका, जिला परिषद, नगर परिषद, नगर पंचायत, पंचायत समिति और छावनी परिषद के निर्वाचित सदस्य मतदान करेंगे। दोनों जिलों में कुल 637 मतदाता हैं। इनमें महायुति के पास लगभग 419 मतों का समर्थन होने का दावा किया जा रहा है, जिससे उसके पास बहुमत का स्पष्ट आंकड़ा माना जा रहा है। हालांकि अंतिम समय की रणनीति और क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक हलकों की निगाहें इस चुनाव पर टिकी हुई हैं।

22 जून को होगी मतगणना

गुरुवार को मतदान संपन्न होने के बाद 22 जून, सोमवार को मतगणना होगी। मतगणना छत्रपति संभाजीनगर में की जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

महायुति और महाविकास आघाड़ी दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल

हाल के छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका, जिला परिषद, नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में महायुति को बढ़त मिली थी। ऐसे में यह चुनाव दोनों प्रमुख गठबंधनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है। महाविकास आघाड़ी के लिए अपनी राजनीतिक ताकत साबित करने का अवसर है, जबकि महायुति इस सीट पर जीत दर्ज कर अपनी बढ़त को बरकरार रखना चाहती है। अब सबकी निगाहें मतदान और 22 जून को आने वाले परिणामों पर टिकी हैं।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com