

Abhijit Deepke House Police Protection: सोशल मीडिया के माध्यम से बेरोजगारी और प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखे व्यंग्य करने वाले 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को मिली जान से मारने की धमकी के बाद हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद छत्रपति संभाजीनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है और वालूज औद्योगिक क्षेत्र स्थित उनके पैतृक घर पर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
अभिजीत दीपके ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट साझा किए हैं। स्क्रीनशॉट के अनुसार, किसी अज्ञात अंतरराष्ट्रीय या वीपीएन नंबर से उन्हें धमकी दी गई है। संदेश में उन्हें धमकी दी गई है कि वे या तो अपना अकाउंट बंद कर दें या फिर भाजपा में शामिल हो जाएं। धमकी देने वाले ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी बात नहीं मानी गई, तो अमेरिका जहाँ अभिजीत फिलहाल उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं में भी उन्हें ढूंढकर मार दिया जाएगा।
अभिजीत के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद, इस अंतरराष्ट्रीय धमकी को गंभीरता से लेते हुए छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वालूज स्थित उनके निवास पर पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी और गश्ती दल तैनात किया गया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियातन यह सुरक्षा घेरा बनाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके फिलहाल बोस्टन विश्वविद्यालय में अध्ययनरत हैं और वहीं से सोशल मीडिया अकाउंट हैंडल करते हैं। इस अचानक आई धमकी के बाद उनके वृद्ध माता-पिता के संदर्भ में भी चिंता व्यक्त की जा रही थी। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि एहतियात के तौर पर उनके माता-पिता फिलहाल वालूज स्थित उस घर में मौजूद नहीं हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।पुलिस प्रशासन ने इस पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल की मदद से धमकी देने वाले उस अज्ञात नंबर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।