अकोला में आंधी-तूफान का कहर, फसलें बर्बाद, बिजली व्यवस्था ठप; किसानों को भारी नुकसान

Akola Weather Storm Damage: अकोला में तेज आंधी, तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई। कई क्षेत्रों में बिजली बाधित रही, पेड़ गिरे और किसानों की फसलें व बागान प्रभावित हुए।
Storm Wreaks Havoc in Akola: Crops Destroyed, Power Supply Disrupted; Farmers Suffer Heavy Losses
अकोला मौसम, आंधी-तूफान, बारिश, फसल नुकसान, (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Akola Weather Storm Damage Crop Losses: अकोला जिले में सोमवार की देर शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। अकोला शहर से लेकर पातुर और बालापुर तहसील तक तूफान का व्यापक असर देखने को मिला। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही, पेड़ उखड़कर सड़कों और वाहनों पर गिर गए, जबकि किसानों की खड़ी फसलें और बागान तबाह हो गए। अचानक बदले मौसम ने नागरिकों और किसानों दोनों को भारी परेशानी में डाल दिया है।

शहर में छाया अंधेरा

तेज हवाओं के चलते अकोला शहर के कौलखेड, जवाहर नगर, उमरी, जठारपेठ, सिंधी कैंप, खदान, मलकापुर, पुराना शहर और खड़की सहित अनेक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नागरिकों ने आरोप लगाया कि मानसून पूर्व वृक्ष कटाई और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने के महावितरण के दावे पहली ही तेज आंधी में विफल साबित हो गए। कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ।

कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त

आंधी के दौरान अकोला रेलवे स्टेशन के सामने स्थित दोपहिया वाहन पार्किंग परिसर में एक विशाल नीम का पेड़ जड़ सहित उखड़कर गिर गया। शाम करीब सात बजे हुई इस घटना में पार्किंग में खड़ी कई मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गई। पातुर में सोलर प्लांट उड़ा पातुर तहसील के राहेर-अडगांव क्षेत्र में तेज तूफान से केले, पपीता, अनार और आम के सैकड़ों हेक्टेयर बागान बर्बाद हो गए।

कई स्थानों पर सोलर पंपों और कृषि उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा। अडगांव की किसान वेणूबाई ठाकरे सहित अनेक किसानों की फसलें जमीन पर बिछ गईं। वहीं बाभुलगांव के युवा किसान गणेश भालतिलक का करीब 3।20 लाख रु। की लागत से स्थापित सोलर प्लांट भी तेज हवाओं में क्षतिग्रस्त हो गया। किसानों ने तत्काल पंचनामा कर आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

बाधित हुई विद्युत आपूर्ति

हिवरखेड सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली तार टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। कई गांव अंधेरे में डूब गए, लेकिन महावितरण और महापारेषण के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए रातभर मरम्मत कार्य किया। कर्मचारियों के प्रयासों से अधिकांश क्षेत्रों में कुछ ही घंटों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

तेल्हारा में भी भारी नुकसान

तेल्हारा तहसील में सोमवार शाम तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। करीब डेढ़ से दो घंटे तक चली बारिश के साथ तेज हवाओं ने कई स्थानों पर पेड़ उखाड़ दिए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com