अकोला: खदान पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 14 गोवंशों को तस्करों से कराया मुक्त, 12.43 लाख का माल जब्त

Akola Khadan Police: अकोला की खदान पुलिस ने नाकाबंदी कर दो वाहनों से 14 गोवंश मुक्त कराए, 12.43 लाख रुपये के माल सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अर्चित चांडक के मार्गदर्शन में हुई बड़ी कार्रवाई।
Khadan Police in Akola rescued 14 cattle from two vehicles during a raid. Three suspects arrested and 12.43 lakh worth of property seized under SP Archit Chandak's guidance.
अकोला: खदान पुलिस की बड़ी कार्रवाई , आरोपियों गिरफ्तार (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Akola Illegal Animal Transport News: अकोला जिले में खदान पुलिस ने अवैध गोवंश तस्करी के खिलाफ बड़ी और सराहनीय कार्रवाई करते हुए निर्दयता से ले जाए जा रहे कुल 14 गोवंशों को सुरक्षित बचा लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गोवंश तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को जब्त करते हुए कुल 12 लाख 43 हजार रुपये का माल जप्त किया है। साथ ही इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ खदान पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

खदान पुलिस की बड़ी कार्रवाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खदान पुलिस को गोपनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि खदान क्षेत्र से होकर गोवंशों की अवैध तस्करी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए खदान पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की योजना बनाई और खदान क्षेत्र में नाकाबंदी (चेकिंग अभियान) शुरू किया।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एमएच 30 बीडी 3840 और एमएच 30 बीडी 5508 क्रमांक की दो संदिग्ध गाड़ियों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ियों में गोवंशों को बेहद अमानवीय तरीके से रस्सियों से बांधकर, ठूस-ठूसकर भरा हुआ पाया गया। गोवंशों को बिना चारा-पानी और हवा की पर्याप्त व्यवस्था के ले जाया जा रहा था, जिससे उनकी जान को गंभीर खतरा बना हुआ था।

अकोला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत सभी 14 गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर उन्हें बचाया। इसके बाद दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने जुबेर अहमद जान मोहम्मद, निवासी कुरेशी नगर, नागपुर, वाहन चालक शेख अमिर शेख जमीर (32) और मोहम्मद खलीक शेख इदलीस (22), दोनों निवासी शिवाजी नगर, अकोला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ खदान पुलिस थाने में पशु क्रूरता अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 12.43 लाख का माल जब्त

जब्त किए गए माल में दो वाहन और गोवंशों की कुल अनुमानित कीमत 12,43,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस आगे की जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है और गोवंशों को कहां ले जाया जा रहा था।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटिल और सहायक पुलिस अधीक्षक ईशानी आनंद के मार्गदर्शन में की गई। खदान पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक मनोज केदारे के नेतृत्व में उनकी टीम नीलेश खंडारे, संजय वानखडे, गिरीश विर, रतन दंदी, अभिमन्यु सदांशिव, संदीप काटकर, भूषण मोरे और वैभव कस्तुरे ने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

खदान पुलिस की इस कार्रवाई की शहर में सराहना की जा रही है। पशु प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह की सख्त कार्रवाई से अवैध गोवंश तस्करी पर अंकुश लगेगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गोवंश तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी कानून से खेलने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com