विश्व साइकिल दिवस : इंदौर में 300 साइकिल सवारों का कारनामा, GPS नक्शे पर उकेरी साइकिल की आकृति

विश्व साइकिल दिवस से एक दिन पहले मध्यप्रदेश के इंदौर में 300 साइकिल सवारों ने रविवार को अनूठे कारनामे को अंजाम दिया। साइकिल सवारों ने "जीपीएस ड्राइंग" के जरिये शहर के जीपीएस नक्शे पर साइकिल की आकृति उकेरी।
World Bicycle Day, 3rd june World Bicycle Day, Bicycle GPS drawing In Indore
प्रतिकात्मक तस्वीर (सौजन्य सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

इंदौर : विश्व साइकिल दिवस मनाने को लेकर मध्यप्रदेश के इंदौर में 300 साइकिल सवारों ने रविवार को अनूठे कारनामे को अंजाम दिया। विश्व साइकिल दिवस से एक दिन पहले साइकिल सवारों ने "जीपीएस ड्राइंग" के जरिये शहर के जीपीएस नक्शे पर साइकिल की आकृति उकेरी। यह ग्रुप पिछले चार महीने से इस कारनामे की तैयारी कर रहा था।

साइकिल की आकृति उकेरने को 25 किलोमीटर का सफर तय किया

हर साल तीन जून को मनाए जाने वाले विश्व साइकिल दिवस से एक दिन पहले इस कारनामे को स्थानीय समूह ‘द पैडल एन्थुजिएस्ट्स' ने अंजाम दिया। इसमें 45 महिला साइकिल सवार शामिल थीं। ग्रुप के प्रमुख अमोल वाधवानी ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया, ‘‘हम 300 साइकिल सवारों ने जीपीएस ड्राइंग से साइकिल की आकृति उकेरने के लिए पहले से तय रास्ते पर 25 किलोमीटर का सफर तय किया। इसके लिए हम चौड़ी सड़कों से लेकर संकरी गलियों तक से गुजरे।" वाधवानी के मुताबिक इस कारनामे का मकसद था कि विश्व साइकिल दिवस के मौके पर कोई अनूठी गतिविधि आयोजित की जाये। उन्होंने बताया कि यह गतिविधि शहर के गांधी हॉल के पास से शुरू हुई और साइकिल सवारों के 25 किलोमीटर के सफर के बाद उसी जगह खत्म हुई जहां से इसे शुरू किया गया था। इस गतिविधि में अलग-अलग उम्र के साइकिल सवार शामिल हुए।

क्या है जीपीएस ड्राइंग

जीपीएस ड्राइंग को जीपीएस आर्ट के रूप में भी जाना जाता है। जीपीएस ड्राइंग के लिए साइकिल सवार जीपीएस नक्शे पर कोई खास आकृति उकेरने के लिए लगातार अभ्यास के बाद सही रास्ते का चुनाव करते हैं। फिर इस रास्ते पर साइकिल चलाने की गतिविधि को ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) से जुड़े मोबाइल ऐप पर दर्ज किया जाता है। गतिविधि समाप्त होने पर इस ऐप की मदद से जीपीएस नक्शे पर यात्रा के मार्ग से संबंधित आकृति उभर आती है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com