MP के 'सुनसान बियाबान' में मिली घायल महिला, यहीं हुआ था 'इंदौर कांड'

मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के जाम गेट इलाके में एक सुनसान जगह पर घायल अवस्था में मिली 40 वर्षीय महिला को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
MP के 'सुनसान बियाबान' में मिली घायल महिला, यहीं हुआ था 'इंदौर कांड'
(डिज़ाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

खरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के जाम गेट इलाके में एक सुनसान जगह पर घायल अवस्था में मिली 40 वर्षीय महिला को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले पर SDOP मनोहर सिंह गवली ने बताया कि बीते शुक्रवार शाम को मिली महिला, उसके चेहरे पर चोटों के कारण अपना बयान दर्ज नहीं करा पा रही है। महिला जिस जाम गेट के निकट मिली वह इंदौर और खरगोन जिलों की सीमा पर स्थित है।

जानकारी दें कि कुछ ही दिन पहले, इस ऐतिहासिक स्मारक के निकट दो सैन्य अधिकारियों पर बदमाशों के एक समूह ने हमला किया था। बदमाशों ने अधिकारियों की एक महिला मित्र से कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म भी किया था।

इस बाबत SDOP गवली ने बताया, "महिला जाम गेट इलाके में एक सुनसान जगह पर मिली है, उसके चेहरे पर चोट के निशान है। वह अकेली थी, और कुछ स्थानीय निवासी उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। बाद में उसे जिले के मंडलेश्वर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।"

इसकी सुचना सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और CCTV फुटेज की जांच की, जिसमें महिला मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी हुई दिख रही थी। मोटरसाइकिल एक व्यक्ति चला रहा था, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।

SDOP गवली की मानें तो CCTV फुटेज में महिला घायल अवस्था में सुनसान जगह पर अकेली बैठी हुई दिख रही है। वहीं जांच में पुलिस को पता चला कि महिला शादीशुदा है, उसका पति इंदौर में काम करता है और वह खरगोन जिले के बेड़िया गांव की रहने वाली है। जांच के अनुसार, महिला के पति ने उसे इंदौर आने को कहा था। इसके बाद वह एक अज्ञात व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल पर उससे मिलने जा रही थी। उस व्यक्ति का अभी तक पता नहीं चल पाया है, जिससे मामले में संदेह पैदा हो गया है।

मामले पर उन्होंने बताया कि महिला की चप्पल और दुपट्टा रास्ते में एक आश्रम से लगभग 25 मीटर दूर ठीक से रखा हुआ मिला। बेड़िया से इंदौर जाने के लिए सामान्य मार्ग से जाने के बजाय, उसने एक अन्य मार्ग चुना जो जंगल वाले इलाके जाम गेट से होकर गुजरता है। SDOP गवली ने कहा, "वास्तव में क्या हुआ है, यह तो महिला के बयान दर्ज कराने के बाद ही पता चलेगा।"

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com