विदिशा में आफत की बारिश: आंधी से लटेरी में जनजीवन अस्त-व्यस्त, अस्पताल में घुसा पानी, बिजली आपूर्ति ठप

Vidisha Storm Update : विदिशा के लटेरी में तेज आंधी-बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। शासकीय अस्पताल में पानी भर गया और कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। प्रशासन राहत कार्य में जुटा है।
Lateri Storm Hospital Flood
अस्पताल में घुसा पानी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Lateri Storm Hospital Flood: विदिशा जिले की लटेरी तहसील में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। अचानक मौसम बदले और आई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सबसे ज्यादा असर शासकीय अस्पताल पर देखने को मिला, जहां परिसर के साथ-साथ वार्डों में भी पानी भर गया। इससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अस्पताल में पानी घुसने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वार्डों में पानी भरा हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है।

खंभे उखड़े, टूट गए तार

तेज आंधी के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के खंभे उखड़ गए और विद्युत तार टूट गए। सुरक्षा को देखते हुए विद्युत विभाग ने एहतियातन पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे कई गांव और कस्बे अंधेरे में डूब गए। हालांकि इस मौसम परिवर्तन ने भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत जरूर दी है, लेकिन बुनियादी सुविधाएं बाधित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई स्थानों पर पेड़ गिरने और रास्ते बाधित होने की भी जानकारी सामने आई है।

बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू

सूचना मिलते ही विद्युत विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और टूटे हुए खंभों को दुरुस्त करने तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जल्द से जल्द स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में ऐसी समस्याएं सामने आती हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाता। लोगों ने अस्पताल और बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति से बचा जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com