उज्जैन: खेत की रखवाली कर रही महिला से मासूम बेटे के सामने दुष्कर्म, अज्ञात आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Rape Case Under Investigation: बड़नगर के ग्राम आमला में खेत पर रह रही एक महिला ने दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Rape Case-Ujjain News-Badnagar News-Crime News-Woman Assaulted-Rural Crime
पुलिस थाना बड़नगर (फोटो सोर्स:नवभारत)
Updated on

Ujjain Crime News: उज्जैन जिले के बड़नगर थाना क्षेत्र के ग्राम आमला में खेत की रखवाली कर रहे मजदूर दंपत्ति के साथ गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। पीड़ित महिला अपने पति और बच्चे के साथ खेत पर रुकी हुई थी। रात के समय कुछ अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और दंपत्ति को निशाना बनाया।

जानकारी के अनुसार 18-19 जून की दरमियानी रात 2 से 3 अज्ञात युवक खेत पर पहुंचे। आरोपियों ने पहले महिला के पति को डराया-धमकाया और उसे जबरन कुछ दूरी पर ले गए। इस दौरान महिला अपने बच्चे के साथ खेत पर अकेली रह गई।

धमकाकर वारदात को दिया अंजाम

कुछ समय बाद एक युवक महिला के पास पहुंचा। उसने पहले पानी मांगा और फिर जान से मारने की धमकी देकर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। वारदात के समय महिला का बेटा भी वहीं मौजूद था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

परिजनों को बताई आपबीती, मामला पहुंचा पुलिस तक

पति के लौटने पर पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दंपति ने अपने परिजनों और खेत मालिक को घटना से अवगत कराया। शिकायत मिलने पर बड़नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तार चोरी और वारदात के बीच कनेक्शन की जांच

पुलिस को घटनास्थल के पास स्थित पवन चक्की क्षेत्र से बिजली के कीमती तार चोरी होने की जानकारी भी मिली है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरी की नीयत से आए बदमाशों में से किसी एक ने महिला को अकेला पाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com