

Ujjain Woman Assault Case: उज्जैन जिले की झारड़ा तहसील के अरनिया वैणा गांव में संपत्ति विवाद को लेकर महिला के साथ हुई अमानवीय घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। महिला को अर्धनग्न कर गांव में घुमाने, बाल काटने और गले में जूतों की माला पहनाने के मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। इनमें से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि पीड़िता ने 30 जून को अपने पति के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसने वर्ष 2023 में प्रेम विवाह किया था और वह अपने पति के साथ इंदौर में रह रही थी। 30 जून को दोनों अरनिया वैणा गांव स्थित ससुराल की पैतृक संपत्ति में हिस्सा मांगने पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, पहले से योजना बनाकर ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला और उसके पति पर हमला कर दिया। आरोप है कि महिला को कमरे से घसीटकर बाहर लाया गया, उसके साथ मारपीट की गई, लोहे के दराते से उसके बाल काट दिए गए और कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न कर दिया गया। इसके बाद गले में जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। बीच-बचाव करने आए पति के साथ भी मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलने पर उज्जैन पुलिस मौके पर पहुंची और महिला व उसके पति को सुरक्षित बाहर निकालकर थाने लाई। मामले में अपराध क्रमांक 169/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 74, 76, 79, 351(3), 115(2), 329(2) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मामले में कुल 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें महिला के ससुराल पक्ष के सदस्य, रिश्तेदार और गांव का पूर्व कोटवार भी शामिल हैं। अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो सहित सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।