उज्जैन में शाही मस्जिद विवाद गरमाया, बड़ी संख्या में जुटे मुस्लिम समाज के लोग, 2000 पुलिसकर्मी तैनात

Ujjain Masjid News : उज्जैन में शाही मस्जिद विवाद फिर गरमा गया है। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जुटे, पुलिस ने 500 मीटर क्षेत्र में बैरिकेडिंग की और करीब 2000 जवान तैनात किए।
Muslim community members gathered near Shahi Masjid in Ujjain
मस्जिद के पास जुटे मुस्लिम समाज के लोगफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Ujjain Shahi Masjid Controversy : सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण को लेकर उज्जैन की शाही मस्जिद का विवाद सोमवार को फिर गरमा गया। मस्जिद के आसपास बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित हुए।

कुछ लोगों ने मस्जिद के प्रभावित हिस्से को खुद हटाने के लिए हथौड़ा, छैनी और अन्य औजार लेकर पहुंचने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने करीब 2000 जवानों की तैनाती की है और मस्जिद के आसपास करीब 500 मीटर के क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर आवाजाही नियंत्रित की जा रही है।

मस्जिद के आसपास जुटी भीड़, नारेबाजी

सोमवार सुबह टंकी चौराहे और शाही मस्जिद के आसपास मुस्लिम समाज के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ लोग मस्जिद परिसर की ओर जाने का प्रयास करते नजर आए। मौके पर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी हुई। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी।

महिलाएं भी पहुंचीं, प्रवेश की कोशिश

बताया गया कि मस्जिद के प्रभावित हिस्से को खुद हटाने की बात के बीच समाज के कुछ लोग औजार लेकर मौके पर पहुंचे। 100 से अधिक लोगों के मस्जिद क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश की जानकारी सामने आई है। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। पुलिस ने बैरिकेडिंग के जरिए लोगों की आवाजाही नियंत्रित की और संवेदनशील क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात रखा।

900 मीटर मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर विवाद

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण की जद में कई धार्मिक स्थल आ रहे हैं। अधिकांश स्थानों को हटाने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, लेकिन खड़े हनुमान मंदिर से गोपाल मंदिर के बीच स्थित शाही मस्जिद समेत कुछ धार्मिक स्थलों को लेकर विवाद बना हुआ है।

रविवार रात प्रशासनिक अमला पहुंचा था

रविवार रात प्रशासनिक अमला जेसीबी और पोकलैंड मशीनों के साथ मौके पर पहुंचा था। इसके बाद मस्जिद के आसपास लोगों की भीड़ बढ़ने लगी और मुस्लिम समाज ने कार्रवाई का विरोध किया। कई घंटे तक प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच बातचीत का दौर चला। बातचीत के बाद समाज की ओर से प्रभावित हिस्से को स्वयं हटाने की बात सामने आई थी, लेकिन सोमवार सुबह स्थिति फिर तनावपूर्ण हो गई।

हाईकोर्ट की सुनवाई पर टिकी नजर

शाही मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्से को हटाने के खिलाफ मुस्लिम पक्ष ने इंदौर हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच में अपील की है। सोमवार को इस मामले की सुनवाई प्रस्तावित है। इससे पहले 9 सितंबर को हाईकोर्ट की एकलपीठ ने मस्जिद के हिस्से को हटाने की कार्रवाई के खिलाफ दायर याचिकाएं खारिज कर दी थीं।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

फिलहाल प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया है। मस्जिद के आसपास बैरिकेडिंग कर आवाजाही नियंत्रित की जा रही है और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सोमवार की कोर्ट सुनवाई और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर पूरे मामले की दिशा निर्भर करेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com