उज्जैन में रंगदारी मांगने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 4 आरोपी गिरफ्तार, जुलूस निकालकर अपराधियों को दिया संदेश

Ujjain Crime News : उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में रंगदारी मांगने और मारपीट करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर सख्त कार्रवाई का संदेश दिया।
Ujjain Nilganga Police Action
आरोपियों का जूलूस (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Ujjain Nilganga Police Action: उज्जैन शहर के नीलगंगा थाना क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण स्थल पर रंगदारी मांगने, मजदूरों से मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को विधि अनुसार निरुद्ध किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मंछामन कॉलोनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा था। ठेकेदार नंदेश्वर वर्मन ने नीलगंगा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ आरोपी लगातार निर्माण स्थल पर पहुंचकर मजदूरों से अभद्रता कर रहे थे और पैसों की मांग कर रहे थे।

जान से मारने की दी धमकी

शिकायत के अनुसार, 15 जुलाई को आरोपी अपने साथियों के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचे और हर सप्ताह शराब पीने के लिए पैसे देने की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने मजदूरों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में मजदूर मेहरबान माली और इरशाद शेख घायल हो गए। आरोपियों ने सह-ठेकेदार साकिर पटेल की कार के शीशे भी तोड़ दिए। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

4 आरोपी गिरफ्तार

मामले की शिकायत मिलने के बाद नीलगंगा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर पश्चिम) गुरुप्रसाद पाराशर और नगर पुलिस अधीक्षक माधवगर दीपिका शिंदे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में कुलदीप उर्फ बड़े (26 साल),

अजय उर्फ खज्जा (22 साल), रितेश उर्फ भेरु (25 साल) और यश जोशी उर्फ नानु (23 साल) शामिल हैं। इसके अलावा 2 नाबालिगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पुलिस ने निकाला जुलूस, कराई उठक-बैठक

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला। इस दौरान सड़क पर आरोपियों से उठक-बैठक भी लगवाई गई। उज्जैन पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना है। नीलगंगा पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि रंगदारी और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपना रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com