उज्जैन: श्रावण में महाकाल भक्तों के लिए रेलवे अलर्ट, यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

Mahakal Shravan 2026: श्रावण में महाकाल दर्शन के लिए उमड़ेगा आस्था का सैलाब, प्रतिदिन 1.5 लाख यात्रियों का अनुमान। उज्जैन स्टेशन पर बढ़ाए टिकट काउंटर और आरपीएफ-जीआरपी का कड़ा पहरा।
Indian Railways has made special arrangements for devotees visiting the Mahakaleshwar Temple in Ujjain during the holy month of Shravan to ensure smooth travel and crowd management
रेलवे की उज्जैन पहुंचने वाले यात्रियों के लिए विशेष तैयारी (सोर्स- एआई जनरेटेड इमेज)
Published on: 
Updated on: 

Indian Railways Special Arrangements For Ujjain: उज्जैन में श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। रेलवे का अनुमान है कि श्रावण के दौरान प्रतिदिन करीब 80 से 90 हजार यात्री उज्जैन पहुंचेंगे, जबकि शनिवार, रविवार और भगवान महाकाल की शाही सवारी वाले दिनों में यह संख्या एक लाख से डेढ़ लाख तक पहुंच सकती है।

रेलवे जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए तीन विशेष ट्रेनें शुरू की गई हैं। इसके अलावा इंदौर और भोपाल मार्ग की कई ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं, ताकि यात्रियों को यात्रा में परेशानी न हो। यदि भीड़ अनुमान से अधिक बढ़ती है तो रेलवे अतिरिक्त रेक तैयार रखेगा और जरूरत पड़ने पर और विशेष ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।

यूटीएस और पीआरएस टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ी

यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो, इसके लिए उज्जैन रेलवे स्टेशन पर यूटीएस और पीआरएस टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाई गई है। पीआरएस कार्यालय में भी एक अतिरिक्त काउंटर शुरू किया गया है, जहां आरक्षित और अनारक्षित दोनों तरह के टिकट उपलब्ध रहेंगे। रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने वाहनों की भीड़ रोकने के लिए 'नो व्हीकल जोन' बनाया गया है। यहां पार्किंग को अस्थायी रूप से बंद कर केवल यात्रियों को छोड़ने और लेने (ड्रॉप एंड पिकअप) की सुविधा रखी गई है, जिससे स्टेशन परिसर में यातायात सुचारु बना रहे।

सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत, अतिरिक्त जवान तैनात

सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। सोमवार की शाही सवारी और अधिक भीड़ वाले दिनों में आरपीएफ के 50 और जीआरपी के 80 अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे। ये जवान प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारु संचालन पर नजर रखेंगे। रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्टेशन पर प्रवेश और निकास व्यवस्था में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। कुछ समाचारों में प्लेटफॉर्म नंबर 8 से प्रवेश-निकास व्यवस्था बदलने की बात सामने आई थी, लेकिन रेलवे ने इसे गलत बताते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था ही लागू रहेगी।

रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा से पहले अपने टिकट की स्थिति जांच लें, क्योंकि अधिकांश ट्रेनों में अग्रिम आरक्षण लगभग भर चुका है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे पूरी तरह तैयार है और भीड़ के अनुसार आवश्यक फैसले तत्काल लिए जाएंगे।

https://youtu.be/rWC00MKTpGQ?si=e_pzoEg4cDetE10j

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com