फर्जी निवेश के नाम पर उज्जैन में 1.77 करोड़ की साइबर ठगी, म्यूल खाताधारक भोपाल से गिरफ्तार; जानें पूरा मामला

Cyber Fraud Case Ujjain: उज्जैन सांची दुग्ध संघ के डीजीएम से की शेयर मार्केट के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, बता दें कि भोपाल से म्यूल खाताधारक भानु चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ujjain-cyber-cell-investment-fraud-accused-arrested-from-bhopal
उज्जैन साइबर फ्रॉड केस (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ujjain Cyber Cell Investment Fraud: फर्जी शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 1 करोड़ 77 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में राज्य साइबर पुलिस उज्जैन ने भोपाल से एक म्यूल खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपी का बैंक खाता देशभर में 29 अलग-अलग साइबर ठगी शिकायतों में रिपोर्टेड पाया गया है।

राज्य साइबर सेल को सांची दुग्ध संघ ट्रेनिंग सेंटर, उज्जैन के उप महाप्रबंधक दीपक कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप “एस108 कोटक वेल्थ इनसाइट्स” में जोड़कर शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच दिया गया। ग्रुप में लगातार निवेश से लाभ के संदेश देखकर उन्होंने निवेश शुरू किया।

आरोपियों ने शुरुआत में जमा कराए 50 हजार

आरोपियों ने उन्हें नियो कोट प्रो नाम का एप इंस्टॉल करवाकर ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया और शुरुआत में 50 हजार रुपये जमा कराए। शुरुआती लाभ दिखाकर विश्वास जीतने के बाद तीन माह में अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 करोड़ 77 लाख रुपये जमा करवा लिए गए।

बाद में दिया गया 1 करोड़ रुपये का लालच

जब पीड़ित ने राशि निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने 1.70 करोड़ रुपये का आईपीओ अलॉट होने का दावा कर अतिरिक्त राशि जमा करने का दबाव बनाया। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ और राज्य साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई।

जांच में जुटी साइबर सेल की टीम

जांच के दौरान मिले डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जानकारी के आधार पर साइबर सेल की टीम ने भोपाल से 25 वर्षीय भानु चौरसिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कर्ज चुकाने के लिए उसने अपना बैंक खाता एक परिचित को उपयोग हेतु दिया था।

इसके बदले उसे 26 हजार रुपये और बाद में हर माह 10 हजार रुपये देने का वादा किया गया था। आरोपी के खाते में ठगी की रकम में से करीब 2.50 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं आईटी एक्ट की धारा 66-डी के तहत कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com