उज्जैन में कलेक्ट्रेट के बाहर धरना देंगे कांग्रेस विधायक, जिला बदर की कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन

Ashok Jat District Exile Case: किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अशोक जाट पर जिला बदर की कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस प्रदर्शन करने जा रही है। कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन करेंगे।
Ujjain Congress Protest
कांग्रेस (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Ujjain Congress Protest: उज्जैन में किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अशोक जाट के खिलाफ हुई जिला बदरी की कार्रवाई को लेकर उज्जैन में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार से कलेक्टर कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

कांग्रेस विधायक महेश परमार और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी आज से कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ धरना देंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई किसान हितों की आवाज दबाने का प्रयास है।

कलेक्टर ने किया जिला बदर

दरअसल, कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रौशन कुमार सिंह ने बुधवार को किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक जाट, निवासी भैरवगढ़, को छह महीने के लिए जिला बदर करने के आदेश जारी किए थे। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत की गई है।

किसानों के हक की लड़ाई लड़ रहे थे जाट

कांग्रेस नेता रवि राय ने आरोप लगाया कि अशोक जाट लगातार मंडियों और उपार्जन केंद्रों पर किसानों की समस्याएं उठा रहे थे और किसानों के हक की लड़ाई लड़ रहे थे। इसी कारण प्रशासन ने उनके खिलाफ यह कार्रवाई की है। जारी आदेश के मुताबिक अशोक जाट को छह माह तक उज्जैन जिले के अलावा देवास, इंदौर, रतलाम, शाजापुर, मंदसौर, धार और आगर मालवा जिलों की राजस्व सीमाओं से बाहर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

कोर्ट में पेशी के लिए आ सकते हैं जाट

हालांकि आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि जाट के खिलाफ उज्जैन जिले की किसी अदालत में कोई मामला लंबित है, तो वे निर्धारित तारीख पर पेशी के लिए आ सकेंगे। इसके लिए संबंधित थाना प्रभारी को पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा और पेशी के बाद तुरंत आदेश का पालन करना होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com