उज्जैन में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, मारवाड़ी ट्रॉली कारखाने पर दो पक्षों में मारपीट, सामने आई CCTV फुटेज

Land Dispute Clash: उज्जैन के आगर नाका स्थित मारवाड़ी ट्रॉली कारखाने में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई। मामले में दोनों पक्षों की एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
Ujjain News-Land Dispute-Marwadi Trolley Factory-Agar Naka-Chiman Ganj Mandi Police-CCTV Viral-Family Dispute
सीसीटीवी में मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे दोनों पक्ष(फोटो सोर्स:नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Ujjain Crime News:उज्जैन के चिमनगंज मंडी थाना क्षेत्र स्थित आगर नाका पर यूनियन बैंक के समीप मारवाड़ी ट्रॉली कारखाने में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

फरियादी शहजाद मारवाड़ी के अनुसार, सुबह वह घर पर था। तभी पिता मुंशी खां की आवाज सुनकर कारखाने के बाहर पहुंचा, जहां परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। आरोप है कि शादिक, समीर, सिकंदर, जुवैदा बी और लड्डू वहां पहुंचे और जमीन को अपनी बताते हुए विवाद करने लगे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।

डंडे, बैट और पत्थरों से हमला

आरोप है कि विवाद के दौरान शादिक ने डंडे से मुंशी खां पर हमला किया, जिससे उनकी कमर, अंगूठे और भौंह पर चोटें आईं। मारपीट में बैट और पत्थरों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे दोनों पक्षों के अन्य लोग भी घायल हुए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

चिमनगंज मंडी थाना प्रभारी विवेक कनोडिया ने बताया कि मामला पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:

CCTV फुटेज की हो रही जांच

घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने फुटेज को जांच में शामिल किया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका तय की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

https://youtu.be/FmDf8XXPJRc?si=G6tqxY7v9ogeYLNF

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com