

Ujjain Mahakal Temple: फेमस एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया मंगलवार तड़के उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर आशीर्वाद लिया। अभिनेत्री सुबह करीब 3 बजे मंदिर पहुंचीं और नंदी हॉल में बैठकर पूरे भक्तिभाव से भस्म आरती में शामिल हुईं।
इस दौरान तमन्ना माथे पर चंदन लगाए बाबा महाकाल की भक्ति में लीन नजर आईं। उन्होंने करीब दो घंटे तक भस्म आरती का दिव्य दर्शन किया। आरती के बाद उन्होंने नंदीजी का पूजन-अभिषेक किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद तमन्ना ने चांदी द्वार से भगवान महाकाल को पुजारी के हाथों जल अर्पित कर पूजा-अर्चना की और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मीडिया से बातचीत में तमन्ना भाटिया ने कहा आज भगवान ने मुझे बुलाया था। बाबा महाकाल के बुलावे पर ही भक्त यहां आते हैं। यहां आकर बहुत अच्छा लगा। आज जो आरती देखने को मिली, उसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती। आरती में शामिल होकर बहुत ऊर्जा मिलती है। सब लोग एक साथ बैठकर जिस तरह आरती देखते हैं, ऐसा दृश्य कहीं और देखने को नहीं मिलता।
मंदिर परिसर में अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उनकी मौजूदगी को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था भी विशेष रूप से बढ़ाई गई थी।