उज्जैन में सीएम मोहन यादव ने पुलिसकर्मियों और कुष्ठ रोगियों के साथ मनाई दीपावली, मैरिज गार्डन का किया लोकार्पण

Mohan Yadav Ujjain : सीएम ने उज्जैन में पुलिसकर्मियों और कुष्ठ रोगियों के साथ दीपावली मनाई। ग्राम ढेडिया में 2.20 करोड़ के पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण किया।
CM Mohan Yadav Ujjain Diwali celebration
सीएम मोहन यादव ने पुलिसकर्मियों और कुष्ठ रोगियों के साथ मनाई दीपावलीफोटो सोर्स - सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • CM मोहन यादव ने उज्जैन के नागझिरी थाने में पुलिसकर्मियों के साथ मनाई दीपावली।

  • हामूखेड़ी कुष्ठधाम में कुष्ठ रोगियों को मिठाई, पटाखे और उपहार बांटे।

  • पुराने हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार की घोषणा की।

CM Mohan Yadav Ujjain Diwali Celebration : सीएम मोहन यादव ने दीपावली के अवसर पर उज्जैन में अलग अलग कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। सीएम थाना नागझिरी पहुंचे और पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों के साथ दीपावली मनाई। इसके बाद ग्राम हामूखेड़ी स्थित कुष्ठधाम पहुंचकर कुष्ठ रोगियों को मिठाई, पटाखे और उपहार वितरित किए। वहीं, ग्राम ढेडिया में पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण कर ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।

नागझिरी थाने में पुलिसकर्मियों के साथ मनाई दीपावली

सीएम दीपावली पर उज्जैन के नागझिरी थाने पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ दीपावली मनाई और सभी को शुभकामनाएं दीं। सीएम मोहन यादव ने कहा कि पुलिस बल समाज के लिए सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का आदर्श उदाहरण है। त्योहारों के दौरान जब पूरा शहर उत्सव मनाता है तब पुलिसकर्मी अपनी खुशियों और परिवार से दूर रहकर नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों के समर्पण और सेवाभाव की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

हामूखेड़ी कुष्ठधाम में बांटी मिठाई और उपहार

सीएम मोहन यादव ग्राम हामूखेड़ी स्थित कुष्ठधाम पहुंचे और वहां कुष्ठ रोगियों के साथ दीपावली मनाई। उन्होंने सभी को मिठाई पटाखे और उपहार वितरित किए। सीएम ने सभी के स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सीएम ने हामूखेड़ी स्थित पुराने हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार की घोषणा भी की। कार्यक्रम में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।

ढेडिया में 2.20 करोड़ के पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने उज्जैन जिले के ग्राम ढेडिया में 2 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से बने ग्राम पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य गांवों और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। सीएम ने बताया कि ग्राम पंचायत ढेडिया की महिलाएं पास में खुले वस्त्र उद्योग में सिलाई का काम करके हर महीने 12 से 15 हजार रुपए तक कमा रही हैं। उन्होंने कहा कि गांव की महिलाएं और ग्राम पंचायतें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

स्वामित्व योजना में उज्जैन के 74 791 मकानों की रजिस्ट्री

सीएम ने स्वामित्व योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले गांवों में मकानों की रजिस्ट्री नहीं होने से उनकी संपत्ति के रूप में पहचान और कीमत का लाभ सीमित था। अब सरकार ग्रामीणों को उनके मकानों का मालिकाना हक दिलाने के लिए निःशुल्क रजिस्ट्री करा रही है। कार्यक्रम के दौरान सीएम मोहन यादव ने ऑनलाइन माध्यम से उज्जैन जिले में स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री का निष्पादन किया। जिले में अब तक 74791 हितग्राहियों के मकानों की रजिस्ट्री की जा चुकी है। इस उपलब्धि के साथ उज्जैन जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में स्वामित्व योजना के तहत 50 से 70 लाख लोगों की निशुल्क रजिस्ट्री की जा रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस योजना के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का बजट रखा है।

होमस्टे के लिए 2 लाख तक की मदद, डेयरी गतिविधियों को भी बढ़ावा

सीएम ने ग्राम ढेडिया के लोगों से अपने घरों में अतिरिक्त कमरे बनाकर होमस्टे शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव उज्जैन के नजदीक है और यहां के लोग अपने घरों में आठ अतिरिक्त कमरे बनाकर पर्यटकों के लिए होमस्टे चला सकते हैं। होमस्टे निर्माण के लिए सरकार 2 लाख रुपए तक की सहायता देगी और बिजली का बिल घरेलू दर से लिया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि गाय भैंस पालन के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है और गांवों में सांची के माध्यम से दुग्ध समितियां भी बनाई जा रही हैं। कार्यक्रम में स्वामित्व योजना के तहत बेहतर काम करने वाले तहसीलदार अनिरुद्ध मिश्रा और कई पटवारियों को सम्मानित किया गया।

CM Mohan Yadav Ujjain Diwali celebration
उज्जैन में दिवाली की रात 2 जगह भीषण आग: जलने से 107 साल के बुजुर्ग की मौत, घर और दुकान जलकर खाक

निवास पर विधि विधान से पूजा अर्चना की

इसके बाद सीएम मोहन यादव ने अपने भोपाल निवास पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा 'माता महालक्ष्मी जी एवं श्री गणेश जी की कृपा से हर घर सुख, शांति और समृद्धि से आलोकित हो और समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली बनी रहे, यही मंगलकामना है।'