MP News: शिवपुरी में कुदरत का 'खौफनाक' तांडव, हवा के झोंके से छत से गिरी 16 साल की लड़की, मलबे में दबे तीन लोग

Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में अचानक चली तेज आंधी ने कुछ ही देर में व्यापक तबाही मचा दी। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक नुकसान के दृश्य सामने आए।
Shivpuri Destructive Storm Girl Falls From Roof Wall Collapses Three Injured
शिवपुरी में आंधी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Shivpuri Girl Falls From Roof Storm: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में अचानक चली तेज आंधी ने कुछ ही देर में व्यापक तबाही मचा दी। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक नुकसान के दृश्य सामने आए। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि छत पर मौजूद एक बालिका और एक महिला तेज झोंकों के चलते पहली मंजिल से नीचे गिर गईं, जिन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब एक घंटे तक चली इस आंधी के बाद हुई बारिश ने हालातों को बुरी तरह से बिगाड़ दिया।

जानकारी के अनुसार शिवपुरी में तीन लोग दिवार के नीचे दब गए, इसके अलावा जिलेभर में पेड़, दीवारें, हाईमास्ट पोल और होर्डिंग गिरने के साथ आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली घटना शहर के फतेहपुर क्षेत्र में सामने आई, जहां 16 वर्षीय अनुरती तेज हवा के झोंके के चलते छत से नीचे गिर गई।

मलबे के नीचे दब गए तीन लोग

शहर के पोलो ग्राउंड की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे तीन लोग उसके नीचे दब गए। घायलों में खुड़ा बस्ती निवासी बृजेंद्र उर्फ गोलू, रन्नौद से आए गिरजेश चंद्र आचार्य और एक अन्य युवक शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

छत से गिर गई महिला और बच्ची

बेहद चौंकाने वाली घटना शिवपुरी जिले के फतेहपुर इलाके में सामने आई, जहां 16 साल की लड़की अनुरती तेज हवा के झोंके में छत से नीचे गिर गई। वहीं, गौशाला क्षेत्र में रामदेवी लोधी भी आंधी की चपेट में आकर छत से गिरने से घायल हो गईं। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है। कुल मिलाकर इस आंधी-तूफान ने पूरे जिले में तबाही मचा दी है और शुरुआती आकलन के अनुसार लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। तेज आंधी और तूफान के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, वाहन क्षतिग्रस्त हुए, टीन शेड और कच्चे मकान गिर गए, वहीं टेंट हाउस समेत अन्य संपत्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

प्रशासन ने पहुंचाई मदद

जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव दलों को तत्काल मैदान में उतार दिया। बड़े स्तर पर राहत कार्य चलाया गया। खासतौर पर नरवर तहसील के दो गांव आग की चपेट में आ गए, जहां भारी नुकसान हुआ है और वहां प्रशासन की ओर से सहायता पहुंचाई गई। इसके अलावा अन्य प्रभावित लोगों तक भी मदद पहुंचाने का काम किया जा रहा है। फिलहाल आंधी और तूफान से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। बता दें कि मौसम विभाग द्वारा मध्य प्रदेश के 42 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com