

Highlights:
शाजापुर में मनाया गया कंस वध उत्सव।
273 साल से निभाई जा रही ये ऐतिहासिक परंपरा।
मथुरा के बाद सिर्फ शाजापुर में होता है कंस वध।
273 Year Old Kans Vadh Tradition : शाजापुर शहर की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को संजोए हुए 273 साल पुराने परंपरागत कंस वध उत्सव का भव्य आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। धार्मिक मान्यताओं और ऐतिहासिक परंपरा के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा के बाद देश में केवल शाजापुर ही ऐसा स्थान है, जहां इस अनूठे उत्सव का आयोजन होता है।
उत्सव की शुरुआत शहर के गोवर्धन नाथ मंदिर से भगवान श्रीकृष्ण और बलराम की आकर्षक झांकियों व चल समारोह के साथ हुई।
इस ऐतिहासिक परंपरा के अनुसार, समाज के युवाओं ने भगवान श्रीकृष्ण और बलराम का रूप धारण किया। ढोल-नगाड़ों और अखाड़ों के हैरतअंगेज करतबों के साथ निकला यह चल समारोह शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ कंस चौराहे पर पहुंचा। मार्ग में जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर भगवान की अगवानी की।
कंस चौराहे पर इस उत्सव का मुख्य आकर्षण देखने को मिला, जहां सिंहासन पर विराजमान कंस के पुतले और देवताओं के बीच पारंपरिक वाकयुद्ध (संवाद) हुआ। कंस के दरबारियों और श्रीकृष्ण की सेना के बीच हुए इस संवाद ने मौजूद जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह परंपरा सदियों से चली आ रही है, जिसमें लोक कला और संवाद के माध्यम से धर्म की अधर्म पर विजय का संदेश दिया जाता है रात के समय तय मुहूर्त पर भगवान श्रीकृष्ण ने कंस के पुतले का वध किया।
कंस चौराहे पर ऐतिहासिक परंपरा के अनुसार कंस वध होते ही पूरा चौराहा 'जय श्री कृष्ण' के जयकारों से गूंज उठा और जमकर आतिशबाजी की गई। इसके बाद परंपरा के अनुरूप, लोग कंस के पुतले को घसीटते हुए ले गए। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए शाजापुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े। आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।