

Jabalpur Railway Station Minor Girl Rescue: मध्य प्रदेश के जबलपुर में पिता पुत्री के रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, शहडोल की रहने वाली 16 साल की एक नाबालिक लड़की अपने पिता की अश्लील हरकतों से इस कदर परेशान हुई कि उसने घर छोड़ दिया और एक हफ्ते जबलपुर के रेलवे स्टेशन पर रातें गुजारीं, इस दौरान वह लोगों से पैसे और खाना मांग कर गुजारा करती रही।
जानकारी के मुताबिक शहडोल में रहने वाली 16 साल की नाबालिक लड़की अपनी मां और पिता के साथ रहती है, पिता प्राइवेट जॉब करते हैं लेकिन शराब पीने के आदी हैं। करीब 1 साल से आरोपी पिता अपनी नाबालिग बेटी के साथ लगातार अश्लील हरकतें कर रहा था, जब भी बेटी उसकी हरकतों का विरोध करती तो पिता उसके साथ मारपीट करता और कहीं ना कहीं इन पूरी घटनाओं में मां की मौन सहमति भी शामिल थी यही वजह है कि मामला शहडोल के पुलिस थाने तक नहीं पहुंचा।
माता पिता के यह अत्याचार यहीं नहीं थमे, बल्कि 6 मई 2026 में पीड़िता के माता-पिता ने नाबालिक होते हुए भी उसकी शादी 33 साल के एक युवक से कर दी और शादी के बाद पीड़िता को जबरन उसके साथ रहने के लिए मजबूर किया। किसी तरह लड़की अपने ससुराल से भाग कर वापस माता पिता के घर आ गई, लेकिन पिता की हरकतें बदस्तूर जारी रही। जिसके बाद 9 जुलाई को पीड़िता ने घर छोड़ दिया और ट्रेन से भाग कर जबलपुर आ गई।
जबलपुर पहुंचने के बाद यहां भी जब उसे कोई ठौर ठिकाना नहीं मिला तो वह रेलवे स्टेशन पर ही रहने लगी। जहां दिनभर लोगों से पैसे और खाना मांग कर दिन काट रही थी और रात होते ही स्टेशन पर ही सो जाती थी। इसी बीच एक आरक्षक की नजर उस पर पड़ी जिसने उससे रेलवे स्टेशन पर रहने की मजबूरी पूछी। पीड़िता ने जब आरक्षक को अपने साथ हुई ज्यादती की कहानी सुनाई तो आरक्षक उसे महिला थाने में पदस्थ आरक्षक कमला पटेल के पास ले आया।
पीड़ित नाबालिग की बातों पर आरक्षक कमला पटेल ने पहले तो भरोसा नहीं किया लेकिन जब पीड़िता ने अपने साथ हुई अश्लील हरकतों के वीडियो उन्हें दिखाए तब पूरी कहानी पुलिस के सामने खुल गई। बहरहाल जबलपुर महिला थाना पुलिस ने शहडोल पुलिस से संपर्क कर पीड़िता के जबलपुर में होने की जानकारी दी।
जब जबलपुर पुलिस ने शहडोल पुलिस से जानकारी मांगी तो शहडोल पुलिस ने नाबालिग पीड़िता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी दी, जिसके बाद शहडोल पुलिस पीड़िता की मां और मामा के साथ जबलपुर पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए। इसके साथ ही शहडोल पुलिस द्वारा इस मामले की जांच करने का भरोसा भी जताया गया है। अब देखना होगा कि पुलिस पीड़िता को उसके जालिम पिता से किस तरह सुरक्षा प्रदान करवाती है और ऐसे हैवान पिता के खिलाफ क्या कार्यवाही करती है।