

Seoni RTO and Truck Drivers Clash: सिवनी में मंगलवार रात RTO कर्मचारियों और ट्रक ड्राइवरों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना कुरई थाना क्षेत्र के मेटेवानी स्थित बंद हो चुकी RTO बॉर्डर चेकपोस्ट के पास हुई, जहां ट्रक ड्राइवरों ने एक ड्राइवर के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। गुस्साए ड्राइवरों ने कुछ देर के लिए NH-44 पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार ट्रक ड्राइवरों का आरोप है कि RTO कर्मचारियों ने एक चालक के साथ मारपीट की। घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य ड्राइवर भड़क गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
आक्रोशित ड्राइवरों ने धूप से बचने के लिए बनाई गई RTO अमले की अस्थायी झोपड़ी में आग लगा दी। इसके साथ ही मौके पर खड़ी सरकारी गाड़ी को पलट दिया और उस पर चढ़कर जमकर तोड़फोड़ की।बताया जा रहा है कि घटना के समय कुरई पुलिस का अमला इलाके में फ्लैग मार्च कर रहा था, जिसके कारण शुरुआती करीब आधे घंटे तक हालात बेकाबू बने रहे। बाद में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार ने साल 2024 में दूसरे राज्यों की सीमाओं पर स्थित RTO चेकपोस्ट बंद कर दी थीं। इसके बावजूद कई स्थानों पर RTO कर्मचारियों पर ट्रक चालकों से अवैध वसूली के आरोप लगते रहे हैं। मेटेवानी की बंद चेकपोस्ट के पास भी ट्रक ड्राइवरों और RTO कर्मचारियों के बीच पहले विवाद की शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
कुरई थाना प्रभारी केएस टेकाम ने बताया कि एक ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट की सूचना के बाद चालक उग्र हो गए थे। करीब 15 मिनट तक नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।