सिवनी ITI छात्र मारपीट मामला: अब छात्रा ने लगाए लव जिहाद और धर्म परिवर्तन के दबाव के आरोप, पुलिस कर रही जांच

Seoni ITI Student Case : सिवनी में ITI छात्र सोहेल से मारपीट मामले में नया मोड़ आया है। एक छात्रा ने पुलिस से शिकायत कर धर्म परिवर्तन कर निकाह का दबाव, पीछा करने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
Seoni Love Jihad Case
पीड़ित छात्रा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Seoni Love Jihad Case: सिवनी जिले में आईटीआई छात्र सोहेल के साथ कथित मारपीट का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। इस मामले में अब एक छात्रा सामने आई है, जिसने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर सोहेल पर दोस्ती के बाद धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

छात्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि सोहेल ने पहले उससे दोस्ती की, फिर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार, आरोपी लगातार व्हाट्सऐप पर मैसेज भेजता था, उसका पीछा करता था, रास्ता रोकता था और विरोध करने पर उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता था।

छात्रा ने की कानूनी कार्रवाई की मांग

छात्रा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि महिला थाना और कोतवाली थाना सिवनी को भी भेजी गई है। इससे पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर आईटीआई छात्र सोहेल के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस अब तक इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश जारी है।

दोनों पहलुओं की जांच कर रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब मारपीट और छात्रा की शिकायत—दोनों पहलुओं की अलग-अलग जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।इस बीच मामला राजनीतिक रंग भी लेने लगा है। एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन रजा के सिवनी पहुंचने की सूचना है। वहीं कांग्रेस ने भी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

किसी भी पक्ष के आरोपों की पुष्टि नहीं

दूसरी ओर, विभिन्न हिंदू संगठनों ने भी मामले पर अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी पक्ष के आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com