'12 लाख का लोन दिलवाया', काल भैरव धाम के पीठाधीश्वर बाबा सुनील सराठे की पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप; केस भी दर्ज

FIR Against Baba Sunil Sathe: सांचेत काल भैरव धाम के बाबा सुनील सराठे पर पत्नी आरती सेन की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। हिंसा के बाद विश्वकर्मा समाज ने भी इस मामले को लेकर प्रदर्शन किया था।
sanchet-kal-bhairav-dham-priest-baba-sunil-sathe-fir-by-his-wife
बाबा सुनील सराठे पर एफआईआर दर्ज (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Baba Sunil Sathe FIR Raisen: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सांचेत स्थित प्रसिद्ध काल भैरव धाम के पीठेश्वर नाना काल भैरव उर्फ सुनील सराठे और उनके भाई अनिल सराठे की मुश्किलें बढ़ गई हैं। देवनगर थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ घरेलू हिंसा, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई बाबा सुनील सराठे की पत्नी आरती सेन द्वारा दर्ज कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर की गई है।

​एफआईआर से मिली जानकारी के मुताबिक, विदिशा की रहने वाली आरती सेन का विवाह 11 जून 2015 को सांचेत निवासी सुनील सराठे के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। दोनों का एक बेटा भी है। आरती सेन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने पति के व्यवसाय (धाम के कार्यों) को आगे बढ़ाने के लिए अपने एक रिश्तेदार की संपत्ति गिरवी रखवाकर करीब 12 लाख रुपये का लोन दिलवाया था। शुरुआत में तो कर्ज की किस्तें नियमित रूप से जमा की गईं लेकिन कुछ समय बाद इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद और कलह शुरू हो गई।

​2021 से अलग रह रही है पत्नी, प्रताड़ना का आरोप

​आरती सेन का आरोप है कि साल 2021 से उनके पति सुनील सराठे ने उनके साथ रहना बंद कर दिया था। इसके बाद से ही पति और देवर अनिल सराठे लगातार उन पर तलाक (डाइवोर्स) देने का दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, गाली-गलौज की गई और उन्हें गंभीर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना दी गई। पीड़िता ने यह भी बताया कि भरण-पोषण और अन्य पारिवारिक विवादों को लेकर न्यायालय में पहले से ही मामला विचाराधीन है।

​27 मई की घटना के बाद बढ़ा बवाल

​इस पूरे मामले में नया मोड़ 27 मई की रात को आया, जब सांचेत ग्राम में आरती सेन एक अन्य ग्रामीण ममतेश विश्वकर्मा के घर पहुंची थीं। इसी दौरान बाबा सुनील सराठे और विश्वकर्मा परिवार के बीच तीखी बहस हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिसमें ममतेश के बुजुर्ग पिता के सिर में गंभीर चोटें आईं। इस घटना के विरोध में 28 मई को विश्वकर्मा समाज के लोगों ने जिला अस्पताल के सामने चक्काजाम और उग्र प्रदर्शन कर बाबा सुनील सराठे की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की थी।

​पुलिस की कार्यवाही और जांच जारी

​तनाव को बढ़ता देख देवनगर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरती सेन की शिकायत पर सुनील सराठे और अनिल सराठे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच में जो भी नए तथ्य या सबूत सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com