सुरखी विधानसभा में कांग्रेस साफ! पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सैकड़ों समर्थकों संग BJP में शामिल; मची खलबली

Political Reshuffle In Surkhi: सुरखी में कांग्रेस को झटका, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष भाई लालमिया सैकड़ों समर्थकों संग भाजपा में शामिल, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दिलाई सदस्यता।
Former Nagar Parishad President Bhai Lalmiya joins BJP in Surkhi
सुरखी में कांग्रेस को बड़ा झटका (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Surkhi Former Nagar Parishad President Join BJP: सागर जिले की सुरखी विधानसभा में कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष भाई लालमिया ने सैकड़ों समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की मौजूदगी में हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम ने क्षेत्र की सियासत को अचानक गरमा दिया है। इसे आने वाले समय में सुरखी की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार सुरखी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष भाई लालमिया अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के निवास मातेश्वरी पहुंचे, जहां उनका भाजपा में विधिवत स्वागत किया गया। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सभी नवप्रवेशी कार्यकर्ताओं को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर सदस्यता दिलाई और उनका अभिनंदन किया।

हर वर्ग के लिए काम कर रही भाजपा- गोविंद सिंह राजपूत

इस दौरान मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।

भाजपा राष्ट्रहित में काम करने वाली पार्टी- गोविंद सिंह राजपूत

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, विकास और जनसेवा के सिद्धांतों पर काम करने वाली पार्टी है और नए साथियों के जुड़ने से संगठन और मजबूत होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील भी की।

भाजपा के काम से प्रभावित होकर लिया यह निर्णय

वहीं, भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद भाई लालमिया ने कहा कि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए वे और उनके समर्थक पूरी निष्ठा के साथ भाजपा के लिए कार्य करेंगे।

इस कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद सुरखी विधानसभा की सियासत में नई चर्चाएं तेज हो गई हैं।

https://youtu.be/elaS5bF1wdY?si=qBYEChw1Q73u6hEO

Navbharat Live
navbharatlive.com