सागर जहरीली शराब कांड: उमंग सिंघार ने मृतकों के परिजनों से की मुलाकात, सरकार से मांगा ₹25 लाख मुआवजा

Sagar Poisonous Liquor Case : सागर के बमूरा में जहरीली शराब से 6 मौतों के बाद उमंग सिंघार ने मृतकों के परिजनों और अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की। सरकार से जांच और मुआवजे की मांग की।
Umang Singhar Meets Sagar Liquor Case Victims
अस्पताल में मरीजों से मिलते उमंग सिंघारफोटो सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Umang Singhar Sagar Visit : मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सागर जिले की बंडा तहसील के ग्राम बमूरा पहुंचे। यहां उन्होंने जहरीली शराब पीने से जान गंवाने वाले छह लोगों के परिजनों से मुलाकात की। सिंघार ने मृतकों के परिवारों का हाल जाना और बच्चों समेत परिजनों से घटना को लेकर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों की पीड़ा देखकर उनका मन व्यथित है।

उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि जहरीली शराब से हुई मौतें प्रशासन और पूरे तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि मृतकों के छोटे बच्चों ने उन्हें बताया कि शराब खुलेआम दुकानों पर बिक रही है। सिंघार के मुताबिक, पूरे तंत्र की मिलीभगत के बिना इस तरह अवैध और जहरीली शराब का कारोबार चलना संभव नहीं है।

बंडा अस्पताल में मरीजों का जाना हाल

मृतकों के परिजनों से मुलाकात के बाद नेता प्रतिपक्ष बंडा अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने जहरीली शराब से प्रभावित उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति और चल रहे उपचार की जानकारी ली। सिंघार ने बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने की बात कही।

सागर मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे

इसके बाद उमंग सिंघार सागर मेडिकल कॉलेज पहुंचे और जहरीली शराब त्रासदी में उपचाररत मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से इलाज की स्थिति पर चर्चा की और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए सभी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

सरकार से उच्चस्तरीय जांच की मांग

सिंघार ने सरकार से जहरीली शराब मामले की तत्काल उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मौतों के लिए जिम्मेदार लोगों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सागर की घटना प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार को लेकर गंभीर स्थिति को सामने लाती है।

मृतकों के परिवारों के लिए ₹25 लाख मुआवजे की मांग

नेता प्रतिपक्ष ने प्रत्येक मृतक के परिवार को ₹25 लाख का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। सिंघार ने मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग होने का हवाला देते हुए सवाल किया कि प्रशासन की नाक के नीचे अवैध शराब का कारोबार कैसे चल रहा है।

Umang Singhar Meets Sagar Liquor Case Victims
जहरीली शराब ने उजाड़े घर: 2 दिन में 11 से ज्यादा मौतें, बड़ा सवाल- किसके संरक्षण में चल रहा था 'जहर' का खेल?

‘मौतों का जवाब सरकार को देना होगा’

उमंग सिंघार ने कहा कि जहरीली शराब त्रासदी में छह लोगों की मौत हुई है और इन मौतों का जवाब सरकार को देना होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर अवैध शराब कारोबार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने को प्राथमिकता बताया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com