सागर: PM आवास की शिकायत लेकर पहुंची महिला से मारपीट का आरोप! शाहगढ़ CMO पर फिर उठे सवाल, थाने तक पहुंचा विवाद

Sagar News: सागर की शाहगढ़ नगर परिषद में बड़ा बवाल, पीएम आवास योजना की सूची में नाम न होने की वजह पूछने पहुंची महिला से अभद्रता और मारपीट के आरोप, पुलिस जांच में जुटी।
Woman alleges assault over PM Awas complaint in Sagar
सीएमओ विनय मिश्रा(सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Shahgarh CMO Assault Controversy: मध्य प्रदेश के सागर जिले की शाहगढ़ नगर परिषद एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। इस बार आरोप सीधे नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी यानी सीएमओ विनय मिश्रा पर लगे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम नहीं आने की वजह पूछने पहुंची एक महिला के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। महिलाओं का आरोप है कि उनकी बात सुनने के बजाय सीएमओ और नगर परिषद के कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और फिर धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष सीधे थाने पहुंच गए। अब पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक शाहगढ़ नगर परिषद के वार्ड क्रमांक-2 की कुछ महिलाएं प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची में नाम नहीं आने की शिकायत लेकर नगर परिषद कार्यालय पहुंची थीं। महिलाओं का कहना है कि वे सिर्फ यह जानना चाहती थीं कि आखिर उन्हें योजना का लाभ क्यों नहीं मिला। लेकिन उनकी शिकायत सुनने के बजाय अधिकारियों ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया।

घटना के बाद महिला को आई चोट

महिलाओं का आरोप है कि बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ी और इसी बीच नगर परिषद के अन्य कर्मचारी और महिला कर्मचारी भी मौके पर बुला लिए गए। आरोप है कि इसी दौरान रूपा यादव नाम की महिला के साथ धक्का-मुक्की की गई और मारपीट हुई। घटना के बाद महिला के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दिए, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। वहीं दूसरी ओर नगर परिषद के अधिकारियों का पक्ष भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान एक महिला द्वारा सीएमओ विनय मिश्रा के साथ भी झूमाझटकी किए जाने की बात कही जा रही है। इसके बाद सीएमओ भी सीधे शाहगढ़ थाने पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई।

इससे पहले भी विवादों में आए हैं विनय मिश्रा

बताया जा रहा है कि, यह पहला मौका नहीं है जब सीएमओ विनय मिश्रा विवादों में आए हों। इससे पहले भी उनके कार्यकाल के दौरान विवाद सामने आ चुके हैं। हालांकि इस बार मामला महिलाओं के साथ कथित मारपीट का होने के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर शाहगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी की भूमिका सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Woman alleges assault over PM Awas complaint in Sagar
मध्य प्रदेश के राशन कार्डधारियों के लिए बड़ी खबर; अगस्त और सितंबर का राशन 31 अगस्त तक मिलेगा एकमुश्त

मामले के बाद उठ रहे कई बड़े सवाल

फिलहाल इस पूरे मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या सरकारी कार्यालय में अपनी समस्या लेकर पहुंचने वाली महिलाओं के साथ ऐसा व्यवहार होना चाहिए? क्या योजनाओं का लाभ मांगना अपराध है? या फिर यह विवाद दोनों पक्षों की कहासुनी का नतीजा है?

यह भी पढ़ें: वाह रे सिस्टम…जान जोखिम में डाल उफनते स्टॉप डैम को छलांग लगाकर पार करने को मजबूर स्कूली बच्चे- देखें VIDEO

इन सभी सवालों का जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल शाहगढ़ नगर परिषद का यह विवाद पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजरें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com