

Dead Body Found In BMC Store Room: सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्थि रोग विभाग के वार्ड नंबर-14 के स्टोर रूम से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वार्ड में भर्ती मरीजों द्वारा लगातार दुर्गंध की शिकायत के बाद जब स्टोर रूम की जांच की गई, तो अंदर शव मिलने से पूरे अस्पताल में सनसनी फैल गई। सूचना पर गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, बीएमसी के वार्ड नंबर-14 में पिछले दो दिनों से तेज बदबू फैल रही थी। मरीजों और उनके परिजनों ने इसकी शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की। शिकायत के बाद जब स्टाफ ने आसपास जांच की तो दुर्गंध स्टोर रूम से आती मिली। संदेह होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्टोर रूम का दरवाजा खुलवाया। अंदर एक पुरुष का शव पड़ा मिला, जो काफी हद तक सड़ चुका था। शुरुआती अनुमान के अनुसार, व्यक्ति की मौत करीब दो दिन पहले हुई थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी भेज दिया।
थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक अस्पताल में भर्ती कोई मरीज था या किसी मरीज का परिजन। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि स्टोर रूम का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
वहीं, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. राजेश जैन ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर अज्ञात व्यक्ति स्टोर रूम तक कैसे पहुंचा, उसकी मौत कैसे हुई और दो दिन तक किसी को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे।
https://youtu.be/TIoTso-wLsw?si=_oK8eDerYsOxUbfW