सागर BMC से 20 साल का मरीज अचानक हुआ लापता, बाथरूम जाने के लिए निकला फिर नहीं लौटा

Sagar BMC Patient Missing Case: सड़क हादसे में घायल हुआ अंशुल ठाकुर, 8 नवंबर को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में हुआ भर्ती। फिर अचानक हुआ गायब, तलाश के दौरान बंद मिले कुछ सीसीटीवी कैमरे।
20 Year Old Patient Missing From Sagar BMC
अचानक बीएमसी से लापता हुआ मरीज अंशुल(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS:

  • सागर बीएमसी से अचानक गायब हुआ 20 वर्षीय मरीज।

  • 8 नवंबर को सड़क हादसे में घायल हुआ था मरीज अंशुल।

  • सीसीटीवी कैमरों की जांच में कुछ कैमरे मिले बंद।

20 Year Old Patient Missing From Sagar BMC: सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती एक 20 वर्षीय मरीज के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। सड़क हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती अंशुल ठाकुर सोमवार दोपहर बाथरूम जाने की बात कहकर वार्ड से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

परिजनों और परिचितों ने अस्पताल परिसर में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसके दोस्त ने गोपालगंज थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है।

8 नवंबर को सड़क हादसे में हुआ था घायल

जानकारी के अनुसार, सिलवानी निवासी अंशुल ठाकुर (20) को 8 नवंबर को सड़क हादसे में घायल होने के बाद सागर जिले के बीएमसी में भर्ती कराया गया था। हादसे में उसकी आंख और सिर में चोट आई थी। परिजनों के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अंशुल बाथरूम जाने की बात कहकर वार्ड से बाहर निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कुछ कैमरे मिले बंद

अंशुल के पड़ोसी आलोक शर्मा ने बताया कि मरीज के लापता होने की सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी गई थी। इसके बाद अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ कैमरे बंद मिले। काफी तलाश के बाद भी अंशुल का पता नहीं चलने पर गोपालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

20 Year Old Patient Missing From Sagar BMC
शहडोल में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से 3 किशोरों की मौत, पुलिस वाहन देखकर कूदने की आशंका

पहले भी बीएमसी से लापता हुआ था मरीज, स्टोर रूम में मिला था शव

गौरतलब है कि इससे पहले भी बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज से एक मरीज के लापता होने का मामला सामने आया था। तीन दिन बाद उसका शव अस्पताल के वार्ड के स्टोर रूम में मिला था। अब एक बार फिर मरीज के लापता होने की घटना से अस्पताल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस अंशुल की तलाश में जुटी हुई है।

20 Year Old Patient Missing From Sagar BMC
विरोध के बावजूद 20 दिसंबर को होगी TET परीक्षा, नहीं दिया एग्जाम तो क्या चली जाएगी सरकारी शिक्षकों की नौकरी?