

Highlights:
सागर के मकरोनिया में स्थित ऋचा अस्पताल की सोनोग्राफी रिपोर्ट में गड़बड़ी का आरोप।
सोनोग्राफी रिपोर्ट में महिला के पेट में 1 महीने का भ्रूण होने की बात कही गई।
दूसरे अस्पताल में जांच के दौरान महिला के पेट में कुछ नहीं मिला।
महिला ने CMHO कार्यालय में शिकायत की।
Richa Hospital Sagar Sonography Report Controversy : सागर के मकरोनिया में स्थित ऋचा अस्पताल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार अस्पताल पर सोनोग्राफी रिपोर्ट को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। एक महिला की सोनोग्राफी में पेट में एक महीने का भ्रूण होने और उसकी जान को खतरा बताने का दावा किया गया। परिवार को जल्द ऑपरेशन कराने की सलाह भी दी गई।
घबराए परिजन महिला को दूसरे अस्पताल ले गए, जहां जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि महिला के पेट में कोई भ्रूण ही नहीं है। ऐसे में अब परिवार ने ऋचा हॉस्पिटल के खिलाफ सीएमएचओ कार्यालय में शिकायत की है।
मामला दीप्ति अहिरवार से जुड़ा है। दीप्ति के पति का कहना है कि उन्होंने पत्नी की सोनोग्राफी मकरोनिया स्थित ऋचा हॉस्पिटल में कराई थी। रिपोर्ट में करीब एक महीने का भ्रूण होने और महिला की जान को खतरा बताया गया था। साथ ही जल्द ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई। यह जानकारी मिलने के बाद परिवार घबरा गया और बिना देरी किए दूसरे अस्पताल पहुंचा।
महिला के पति का आरोप है कि वे पत्नी को सागर के बंसल हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि महिला को ऐसी कोई समस्या नहीं है। परिवार का दावा है कि ऋचा हॉस्पिटल की सोनोग्राफी रिपोर्ट गलत थी और जिस भ्रूण की बात कही गई थी, वह बंसल हॉस्पिटल में जांच के दौरान नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
इस मामले में पीड़ित परिवार ने सीएमएचओ कार्यालय पहुंचकर ऋचा हॉस्पिटल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। अब स्वास्थ्य विभाग की जांच में ही साफ हो सकेगा कि सोनोग्राफी रिपोर्ट में गलती कैसे हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है?
इधर अस्पताल पर लगे आरोपों को लेकर डॉक्टर राजेश जैन ने अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि सोनोग्राफी रिपोर्ट में जो जानकारी सामने आई थी, उन्होंने परिवार को वही बताई थी। फिलहाल दोनों पक्षों के दावों के बीच मामले की जांच और स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई अहम होगी।