'देर रात से सुबह तक पीटा...', सागर में शराब माफियाओं का कहर! मरने से पहले सूरज ने खोले राज; 2 युवकों की मौत

MP News: शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शराब माफियाओं की कथित मारपीट में घायल दूसरे युवक की भी रविवार को मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने शाहपुर में शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।
Sagar Shahpur Liquor Mafia Attack Neeraj Prajapati Suraj Ahirwar Death News
सागर न्यूज (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Liquor Mafia Attack Sagar Two Died: सागर जिले की शाहपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शराब माफियाओं की कथित मारपीट में घायल दूसरे युवक की भी रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने शाहपुर में शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और शाहपुर चौकी प्रभारी को हटाने की मांग उठाई। करीब चार घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश तथा गोपाल भार्गव के आश्वासन पर स्थिति शांत हुई।

पुलिस ने 5 आरोपियों के खिलाफ दायर किया मुकदमा

पुलिस ने मामले में 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात मध्य प्रदेश के शाहपुर के वार्ड क्रमांक-7 निवासी नीरज प्रजापति अपने साथी सूरज अहिरवार के साथ बिजली फिटिंग का सामान लेने गढ़ाकोटा गए थे। देर रात वापस लौटते समय रास्ते में बोलेरो वाहन से पहुंचे 10 से 12 लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि शराब बेचने के शक में आरोपियों ने दोनों के साथ लाठी-डंडों, लात और घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। हमले में नीरज गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया, जबकि सूरज किसी तरह मौके से जान बचाकर भागने में सफल रहा।

जान से मारने के बाद सड़क के किनारे फेंका था नीरज का शव

शनिवार सुबह नीरज प्रजापति का शव बरेठा बाबा घाटी के पास सड़क किनारे मिला था। आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने हत्या को सड़क हादसे का रूप देने के उद्देश्य से शव को वहां फेंक दिया था। दूसरी ओर, घायल हालत में घर पहुंचे सूरज को परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया था। नीरज की मौत के एक दिन बाद रविवार को उपचार के दौरान सूरज ने भी दम तोड़ दिया। लगातार दो युवकों की मौत के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

मरने से पहले सूरज ने बताए आरोपियों के नाम

अस्पताल में भर्ती सूरज ने मौत से पहले पुलिस को दिए बयान में बताया था कि गढ़ाकोटा रोड पर बोलेरो से आए लोगों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों के साथ देर रात से सुबह तक मारपीट की। उसके अनुसार, आरोपियों ने नीरज को तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूरज ने अपने बयान में अंशुल, छोटू, भगवत और नीलेश सहित अन्य लोगों के नाम मारपीट में शामिल होने के रूप में बताए थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com