

Ratlam Jaora Hussain Tekri Chaku Bazi Incident: रतलाम जिले के जावरा में चाकूबाजी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हुसैन टेकरी चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह एक बार फिर चाकू से हमला होने की घटना सामने आई है।
मामूली कहासुनी के बाद अज्ञात व्यक्ति ने अयोध्या से आए एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है जहां उसका ईलाज जारी है वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घायल युवक का कहना है कि वह पिछले दो वर्षों से अपनी पत्नी के इलाज के लिए हुसैन टेकरी क्षेत्र में रह रहा है। उसकी पत्नी की तबीयत खराब रहती है, जिसके चलते वह यहां रुका हुआ है। रविवार सुबह वह अपने घर के बाहर बैठा था, तभी एक अज्ञात व्यक्ति वहां आया और उसे घूरने लगा। आरोपी बच्चों को बाजार ले जाने की बात कर रहा था, जिसका उसने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
घायल युवक ने बताया कि विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उसके बाएं कंधे और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद घायल को उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हुसैन टेकरी चौकी के जांच अधिकारी नरेश पांडे ने बताया कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या से आए युवक मेवालाल पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से हमला किया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। दरअसल हुसैन टेकरी चौकी क्षेत्र में 20 मई को भी चाकूबाजी की एक घटना हुई थी, जिसमें तीन युवक घायल हुए थे। अब 18 दिन के भीतर दूसरी बार हुई जिले में लगातार बढ़ रही इन घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।