

BJP Yuva Morcha Accident Rajgarh : मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा टल गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के सम्मान में आयोजित एक स्वागत कार्यक्रम के दौरान अचानक मंच भरभरा कर टूट गया, जिससे उस पर मौजूद प्रदेश अध्यक्ष सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता नीचे गिर गए।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद श्याम टेलर पहली बार राजगढ़ के दौरे पर पहुंचे थे। उनके आगमन को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह था और जगह-जगह उनके स्वागत के लिए भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। इसी कड़ी में एक स्वागत कार्यक्रम के दौरान यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्वागत समारोह के लिए एक मंच बनाया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, राजगढ़ भाजपा जिला अध्यक्ष और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद थे। मंच पर क्षमता से अधिक लोग होने या किसी तकनीकी खामी के कारण, मंच अचानक टूट गया और धड़ाम से नीचे आ गिरा। मंच गिरते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद BJP कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने मोर्चा संभाला और मदद के लिए दौड़ पड़े। इस हादसे में कई कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं, जिनमें से अधिकतर मामूली हैं। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के भी गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।