पन्ना में किसानों का प्रदर्शन: सामूहिक गिरफ्तारी देने पहुंचे, हनुमतपुर चौकी पर भारी पुलिस बल तैनात

Panna Farmers Protest: केन-बेतवा लिंक, मझगांय और रूंझ बांध परियोजनाओं से प्रभावित किसानों का आंदोलन तेज, पुलिस मुकदमों के विरोध में सैकड़ों ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन।
farmers protest in Panna for collective arrest
पन्ना में पुलिस छावनी में तब्दील हुई चौकी(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Farmers Protest In Panna For Collective Arrest: पन्ना जिले के केन-बेतवा लिंक परियोजना और मझगांय और रूंझ बांध परियोजनाओं से प्रभावित किसानों और ग्रामीणों का आंदोलन मंगलवार को और तेज हो गया। उचित मुआवजे और पुनर्वास की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीणों पर दर्ज पुलिस मामलों के विरोध में जय किसान संघ के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण अजयगढ़ थाना क्षेत्र की हनुमतपुर पुलिस चौकी पहुंचे।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं। ग्रामीणों ने सामूहिक गिरफ्तारी देने का ऐलान करते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की।

पुलिस छावनी में तब्दील हुई चौकी

ग्रामीणों की बड़ी संख्या और प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने हनुमतपुर पुलिस चौकी के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया। चौकी परिसर और आसपास का क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया। सामूहिक गिरफ्तारी देने पहुंचे ग्रामीणों ने हाथ उठाकर पुलिस कार्रवाई के विरोध में नारे लगाए। इससे एक दिन पहले पुलिस ने आंदोलन से जुड़ीं दिव्या अहिरवार और हिसाबी राजपूत को हिरासत में लिया था।

अमित भटनागर ने लगाए गंभीर आरोप

किसान नेता अमित भटनागर भी सामूहिक गिरफ्तारी देने पहुंचे। उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे ‘लोकतंत्र की हत्या’ बताया। अमित भटनागर ने आरोप लगाया कि जिन लोगों के घर और गांव डूब क्षेत्र में आ रहे हैं, वे शांतिपूर्ण तरीके से चिता पर लेटकर अपने अधिकारों की मांग कर रहे थे। उनका दावा है कि बिना चक्काजाम किए पुलिस ने ग्रामीणों के घरों में प्रवेश कर महिलाओं के साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलनकारियों के बिजली-पानी के कनेक्शन काटे गए हैं और कई साथियों के साथ बर्बरता की गई है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

farmers protest in Panna for collective arrest
MP सरकार ने तत्काल लिया एक्शन, बालाघाट के दुर्गम स्थानों पर पहुंचीं मेडिकल टीमें; हजारों की बचाई जान

‘जेल में भी जारी रहेगा अनशन’

अमित भटनागर ने कहा कि पुलिस कार्रवाई से आंदोलन रुकने वाला नहीं है। उन्होंने ऐलान किया कि यदि उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाता है तो वहां भी उनका अनशन जारी रहेगा।उन्होंने कहा कि आंदोलन अब केवल पन्ना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देशभर में इसे फैलाया जाएगा। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हाथ उठाकर उनके निर्णय का समर्थन किया।

क्षेत्र में पुलिस की निगरानी

प्रदर्शन को देखते हुए हनुमतपुर चौकी और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन और पुलिस की टीमें पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं। वहीं, किसान और ग्रामीण उचित मुआवजे, पुनर्वास और दर्ज मामलों को लेकर अपनी मांगों पर आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com